बॉलीवुड

2020 में होने वाली घटनाओं से दुखी हुए ऋतिक रोशन, कहा- खुद को महसूस करने लगा हूं लाचार

साल 2020 की शुरुआत बहुत ही खराब रही है। कोरोनावायरस की वजह से देशभर में लोगों की जिंदगी पटरी से उतर गई है। ऊपर से लोकप्रिय बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान दुनिया को अलविदा कह गए। इसके बाद दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। कुछ समय के बाद सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हो गई।

ऐसे में साल 2020 में घट रहीं घटनाओं को लेकर बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋतिक रोशन भी बड़े दुखी नजर आ रहे हैं। ऋतिक रोशन की ओर से इसके बारे में एक पोस्ट सोशल मीडिया में शेयर किया गया है। उन्होंने साल 2020 में घटी अब तक की इन सभी घटनाओं पर गहरा दुख प्रकट किया है।

ट्विटर पर किया पोस्ट

ट्विटर पर उन्होंने एक पोस्ट डालते हुए लिखा है कि उम्मीद की किसी भी किरण पर अब टिके रह पाना बहुत ही कठिन है। फिर भी यह बहुत ही जरूरी है। एक के बाद एक 2020 में दुनियाभर में जो घटनाएं घटती जा रही हैं, उसकी वजह से खुद को बड़ा लाचार महसूस कर रहा हूं।


ऋतिक रोशन ने लिखा है कि एयर इंडिया का हादसा हो गया। बेरूत में विस्फोट हुआ। भूकंप आए। बाढ़ आ गई है। कई तरह की आपदाएं आ रही हैं। मॉरीशस में पर्यावरणीय आपातकाल लगाया गया है। अंटार्कटिका का अंतिम आइस शेल्फ भी ढह गया है। ऊपर से यह महामारी अलग जान निकाल रही है, जिससे हम जंग लड़ रहे हैं

डट कर खड़े रहना होगा

बॉलीवुड अभिनेता ने अपने इस पोस्ट में लिखा है कि सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। साथ ही सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति भी मेरी संवेदनाएं हैं। यह एक बहुत ही कठिन वक्त है, जिसमें हमें एक-दूसरे का साथ निभाना है। इस कठिन घड़ी में हमें डट कर खड़े रहना है। यह वक्त जरूर गुजर जाएगा। हमें रोशनी जरूर मिलने वाली है।

बता दें, कोझीकोड में हुए विमान हादसे के बाद ऋतिक रोशन ने बीते शुक्रवार को इस पोस्ट को साझा किया था। गौरतलब है कि देशभर में जिस तरह से कोरोनावायरस ने अपने पांव पसारे हैं और इसके अलावा भी बाढ़, भूकंप, भूस्खलन एवं दुर्घटनाएं जैसी आपदाएं लगातार सामने आ रही हैं, उन्हें देखते हुए ऋतिक रोशन खुद को बहुत दुखी महसूस कर रहे हैं।

अगली फिल्म का इंतजार

ऋतिक रोशन को अंतिम बार फिल्म वॉर में देखा गया था। टाइगर श्रॉफ और वाणी कपूर भी उनके साथ इस फिल्म में प्रमुख भूमिकाओं में नजर आये थे। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म बड़ा धमाका करने में कामयाब रही थी। इन दिनों ऋतिक रोशन अपनी आगामी फिल्म कृष 4 को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसके अलावा भी ऋतिक रोशन के एक और फिल्म में काम करने की चर्चा है।

ऐसा बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ आनंद, जिन्होंने फिल्म वॉर का निर्देशन किया था, वे एक फिल्म बनाने जा रहे हैं। इसके बारे में उन्होंने ऋतिक रोशन से बात भी कर ली है और ऋतिक उनकी इस फिल्म में काम करने के लिए राजी भी हो गए हैं। हालांकि, फिल्म के बारे में अब तक आधिकारिक तौर पर सिद्धार्थ आनंद या फिर ऋतिक रोशन की ओर से कोई घोषणा नहीं की गई है। वॉर की तरह यह फिल्म भी एक एक्शन थ्रिलर ही होने वाली है। इसकी शूटिंग बहुत बड़े पैमाने पर होगी। ऋतिक के प्रशंसक उन्हें जल्द बड़े स्क्रीन पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

पढ़ें बला की खूबसूरत है ह्रितिक रोशन की छोटी बहन पश्मिना, सारा से लेकर आलिया तक लगेंगे फींके

Back to top button