बॉलीवुड

बिना शादी के 15 साल बड़े चेतन आनंद के साथ रही थीं एक्ट्रेस प्रिया राजवंश, बेटों ने ले ली थी जान

बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक खूबसूरत अभिनेत्रियों ने अपना जलवा बिखेरा है। इन अभिनेत्रियों पर इनके फैंस हमेशा से लट्टू रहे हैं। फिर भी बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियां ऐसी भी हैं, जिनका स्टारडम हासिल करने के बाद भी अंत बहुत ही दुखद रहा है। इसी तरह की एक अभिनेत्री प्रिया राजवंश रही थीं।

प्रिया राजवंश, जो कि एक वक्त फिल्म इंडस्ट्री में छा गई थीं, वे खुद से 15 साल बड़े शादीशुदा चेतन आनंद के साथ बिना शादी किए लिव-इन में रही थीं। हालांकि, इसकी वजह से इनका अंत बहुत ही दुखद रहा। यहां हम आपको इन्हीं प्रिया राजवंश के बारे में बता रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के शिमला में 30 दिसंबर, 1937 को प्रिया राजवंश का जन्म हुआ था। इनका असली नाम वीरा सुंदर सिंह था। उनके पिता सुंदर सिंह एक आईएएस अधिकारी थे। बचपन से ही प्रिया राजवंश की अभिनय भी बड़ी रुचि थी। स्कूल की पढ़ाई जब उन्होंने शिमला से पूरी कर ली तो इसके बाद वे अपने पिता के साथ ब्रिटेन चली गई थीं। यहां लंदन के एक बड़े ही मशहूर इंस्टिट्यूट रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामैटिक आर्ट्स में उन्होंने दाखिला ले लिया था। लंदन जाने के बाद उनकी प्रतिभा निखरती चली गई।

इन्होंने दिया ब्रेक

प्रिया राजवंश को यदि फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का मौका मिला है, तो इसका पूरा श्रेय उनके प्यार चेतन आनंद को जाता है। चेतन आनंद एक बड़े ही मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर थे। प्रिया हमेशा स्कूलों से लेकर कॉलेजों तक में नाटकों में हिस्सा लिया करती थीं। कई बार फोटोग्राफर्स उनकी तस्वीरें खींच लेते थे।

इसी तरह की उनकी एक तस्वीर चेतन आनंद के पास पहुंच गई थी। उस वक्त वे अपनी फ़िल्म हकीकत बनाने जा रहे थे। हकीकत के लिए चेतन आनंद को एक नए चेहरे की तलाश थी। जब उन्होंने प्रिया राजवंश की तस्वीर देखी तो उन्होंने प्रिया को अपनी फिल्म में लेने का फैसला कर लिया। इस तरह से उनकी जिंदगी में भी प्रिया एक नई रोशनी बन कर आ गईं।

पत्नी की तरह रखा ख्याल

चेतन आनंद की शादी उमा से हुई थी, जिनसे उनके केतन और विवेक आनंद नामक दो बच्चे थे। उनका उमा से हमेशा लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। ऐसे में जब प्रिया राजवंश उनकी जिंदगी में आईं तो उनसे चेतन की नजदीकी ज्यादा बढ़ गई। प्रिया राजवंश ने अपने से 15 साल बड़े चेतन आनंद के साथ लिव-इन में रहना शुरू कर दिया। दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे।

बिना शादी किए भी जब लिव-इन में दोनों साथ रहने लगे, तो प्रिया राजवंश एक पत्नी की तरह चेतन आनंद का पूरा ख्याल रख रही थीं। ऐसे भी चेतन आनंद ने अपनी जायदाद का एक हिस्सा प्रिया के नाम भी कर दिया था। चेतन आनंद ने अपनी जायदाद के तीन हिस्से किए थे। चेतन आनंद का यह फैसला बाद में प्रिया राजवंश की मौत की वजह बन गया।

यूं हुआ अंत

चेतन आनंद का 1997 में 6 जुलाई को निधन हो गया था। इसके बाद प्रिया राजवंश ने अपने सौतेले बेटों केतन और विवेक आनंद के साथ जुहू के एक बंगले में रहना शुरू कर दिया था। प्रिया को यह नहीं मालूम था कि उनके साथ क्या होने जा रहा है। प्रिया की लाश इसी बंगले में 27 मार्च, 2000 को मिली थी। बाद में जब इस मामले की जांच-पड़ताल हुई, तो हैरान कर देने वाली हकीकत सामने आई।

पता चला कि उनके सौतेले बेटों केतन और विवेक आनंद ने नौकर-नौकरानी के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी थी। केतन और विवेक को इस बात का गुस्सा था कि उनके पिता ने प्रिया को अपनी संपत्ति में बराबर का हिस्सा दे रखा था। नौकर-नौकरानी के बयान के आधार पर दोनों भाइयों को 5 महीने की सजा हुई थी, लेकिन ये जमानत पर सितंबर, 2000 में रिहा हो गए थे।

फिल्म हकीकत से डेब्यू करने वालीं प्रिया राजवंश को फिल्म हीर रांझा से खासी पहचान मिली थी। कुदरत, हंसते जख्म और हिंदुस्तान की कसम जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया था।

पढ़ें अमिताभ बच्चन की नातिन की वो 10 तस्वीरें जिन्हें आज के पहले शायद ही आप ने देखा होगा

Back to top button