दिलचस्प

नाचते-गाते जा रही थी बारात…अचानक दूल्हे को अकेला छोड़कर भाग गए बाराती, जानें आखिर हुआ क्या?

शादियों के सीजन में आप भी जब कभी घर से निकलते होंगे तो आपको बारात दिख जाती होगी। दूल्हा घोड़ी पर या कार में होता है। उसके आगे-आगे बारात चल रही होती है। बैंड बाजे की धुन के बीच जमकर डांस हो रहा होता है। बाराती तब तक डांस करते हुए जाते हैं जब तक दुल्हन के घर या गेस्ट हाउस न पहुंच जाएं।

कभी आपने ऐसी बारात के बारे में देखा या सुना है जो अचानक दूल्हे को छोड़कर भाग निकले। अगर नहीं तो हम आपको ऐसी रोचक खबर बताने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की एक बारात में ऐसा ही नजारा सामने आया। यहां बारात अचानक ही दूल्हे को घोड़ी पर छोड़कर भाग गई। आखिर ऐसा क्यों हुआ, आइए जानते हैं।

यूपी के मथुरा से सामने आया मामला

ये मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर से सामने आया है। यहां बुधवार को ऐसी घटना हुई जिसको लोगों ने जब सुना तो वो हैरान हो गए। हालांकि बाद में कारण पता चलने पर हंसे बिना नहीं रह पाए। यहां के रेतिया बाजार से एक बारात निकल रही थी। दूल्हे की घुड़चढ़ी हुई थी और बाराती उसको घेरे हुए थे।

बैंड बाजा शुरू हो गया था और बाराती धीरे-धीरे रंग में आ रहे थे। खूब नाच गाना चल रहा था। सब अपना अपना हुनर दिखाने में व्यस्त थे। अचानक ही वहां भगदड़ मचने लगी। लोग बारात छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में दूल्हा अकेला रह गया और पूरी बारात वहां से गायब हो गई।

जानें आखिर हुआ क्या था

अब हम आपको वजह बताते हैं कि आखिर वहां पर हुआ क्या था जिसके बाद बाराती दूल्हे को छोड़कर ही भाग निकले। असल में मथुरा के कुछ गांवों में बुधवार को अचानक से मौसम खराब हो गया था। पहले अच्छी धूप निकल रही थी। फिर अचानक ही मौसम बदल गया। अचानक बारिश शुरू हो गई और ओले गिरने लगे।

जब आसमान से ओले गिरने लगे तो बारात में भी भगदड़ मच गई। वहां नाच गाने में बिजी लोग अब पहले खुद के सिर को बचाने के लिए कोई जगह देखने लग गए। आनने फानन में जिसे जहां जगह मिली, वो वहीं पर दुबक गया। कुछ ही देर में सिर्फ घोड़ी पर चढ़ा हुआ दूल्हा ही अकेला रह गया। पूरी बारात गायब हो गई।

बाद में याद आई दूल्हे की

ओलों से बचने के लिए बाराती तो सुरक्षित जगहों पर चले गए, बस दूल्हा बेचारा वहीं फंस गया। वो न तो घोड़ी से उतर पा रहा था, न ही कोई उसको बचाने आ रहा था। इसके बाद वो ओलों के बीच ही फंसा रह गया। अचानक से कुछ लोगों को याद आई कि दूल्हा तो घोड़ी पर ही छूट गया है। तब जाकर लोग उसको बचाने पहुंचे।

कुछ लोग छाता लेकर आए और दूल्हे को घोड़ी से नीचे उतारा। इसके बाद उसको सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। कुछ समय बाद जब मौसम साफ हुआ, तब बारात दोबारा दुल्हन के घर के लिए चल दी। हालांकि ओले और बारिश की वजह से मौसम काफी ठंडा हो गया। इसके बाद बारातियों ने फिर जमकर डांस किया।

Back to top button