बॉलीवुड

Nag Panchami Special : इन अभिनेत्रियों ने बड़े पर्दे पर नागिन के अवतार में मचाया तहलका

नाग पंचमी का पावन त्योहार आज 25 जुलाई को देशभर में मनाया जा रहा है। नाग-नागिन की कहानियां बड़े पर्दे पर भी कई बार दर्शकों को देखने को मिल चुकी हैं। बॉलीवुड में ऐसी कई फिल्में बनी हैं। दर्शकों ने इन्हें बहुत पसंद किया है। ऐसे में यहां हम आपको बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों के बारे में जानकारी दे रहे हैं, जिन्होंने नागिन की भूमिका निभाई है। साथ ही उन्होंने जबरदस्त वाहवाही भी अपने किरदारों से बटोरी है।

नागिन

फिल्म नागिन 1976 में रिलीज हुई थी। उस जमाने की मशहूर अभिनेत्री रीना रॉय ने इसमें नागिन की भूमिका निभाई थी। राजकुमार कोहली ने इस फिल्म का निर्देशन किया था।

रीना रॉय के साथ फिल्म में प्रमुख भूमिकाओं में सुनील दत्त, जितेंद्र, फिरोज खान, संजय खान, कबीर बेदी और मुमताज भी थीं। फिल्म में एक ऐसी नागिन का किरदार रीना रॉय ने निभाया था जो कि अपने प्रेमी के खून का बदला लेती है। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी।

नगीना

श्रीदेवी की यह ब्लॉकबस्टर मूवी थी। फिल्म नगीना 1986 में रिलीज हुई थी। फिल्म में एक गाने के बोल हैं- मैं तेरी दुश्मन…आज भी इस गाने को लोग बहुत पसंद करते हैं। ऋषि कपूर और अमरीश पुरी की भी फिल्म नगीना में अहम भूमिका रही थी। रजनी नाम की एक अनाथ लड़की पर इस फिल्म की कहानी आधारित थी। यही लड़की फिल्म में आगे चलकर नागिन के रूप में सामने आती है।

फिल्म इतनी ज्यादा लोकप्रिय हो गई थी कि इसकी रिलीज के 3 वर्षों के बाद निगाहें फिल्म के रूप में इसका सीक्वल भी सामने आया था। एक बार फिर से इस फिल्म में श्रीदेवी दिखी थीं। हालांकि, फिल्म नगीना के ठीक विपरीत निगाहें बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फेल हो गई थी।

जानी दुश्मन

वर्ष 2002 में जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी रिलीज की गई थी। राजकुमार कोहली की यह फिल्म थी। इसमें कई फिल्मी सितारे नजर आए थे। मनीषा कोइराला और अरमान कोहली फिल्म में नाग-नागिन की भूमिका निभाते हुए दिखे थे।

सोनू निगम, सनी देओल, अक्षय कुमार, शरद कपूर और सुनील शेट्टी जैसे कलाकार भी इस फिल्म में नजर आए थे। मनीषा कोइराला के किरदार की इस फिल्म में मौत हो जाती है। इसके बाद सनी देओल और उनसे जुड़े हुए हर व्यक्ति से अरमान कोहली बदला लेते हैं।

शेषनाग

दो इच्छाधारी सांपों की कहानी फिल्म शेषनाग में देखने के लिए मिली थी। रेखा बहुत ही अलग भूमिका में इस फिल्म में दिखी थीं। केआर रेड्डी ने शेषनाग का निर्देशन किया था। रेखा के अलावा इस फिल्म में ऋषि कपूर, जितेंद्र, मंदाकिनी और माधवी की भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं रही थीं।

फिल्म को वर्ष 1990 में रिलीज किया गया था। इस फिल्म में इच्छाधारी सांपों का पीछा एक अघोरी करता है।

हिस्स

वर्ष 2010 में यह फिल्म आई थी। इसमें बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने नागिन की भूमिका निभाई थी। फिल्म में एक वैज्ञानिक और नागिन के चारों ओर घूमती हुई कहानी देखने के लिए मिली थी। इरफान खान इस फिल्म में अहम भूमिका निभाते हुए नजर आए थे।

फिल्म में एक वैज्ञानिक नागिन की नागमणि को चुराने की चाहत रखता है। ऐसे में मल्लिका शेरावत से उसका सामना होता है।

नाचे नागिन गली गली

मोहन जी प्रसाद के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1989 में रिलीज हुई थी। फिल्म में नागिन की भूमिका मीनाक्षी शेषाद्री ने निभाई थी। नाग के रूप में नितीश भारद्वाज नजर आए थे। नितीश भारद्वाज ने ही टीवी सीरियल में श्रीकृष्ण की भूमिका निभाई थी।

कहानी में जादूगर से ये दोनों नागमणि को बचाने की कोशिश करते हुए नजर आते हैं। फिल्म में इनके अलावा सत्येंद्र कपूर, सदाशिव अमरापुरकर, सुहास जोशी और आशा लता भी नजर आई थीं।

तुम मेरे हो

फिल्म तुम मेरे हो 1990 में रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन ताहिर हुसैन ने किया था। यह एक रोमांटिक फिल्म थी, जिसमें आमिर खान और जूही चावला प्रमुख भूमिकाओं में दिखे थे।

जूही चावला ने फिल्म में नागिन की भूमिका निभाई थी, जिसे आमिर खान से प्यार हो जाता है। इस फिल्म को देखकर आपको समझ में आ जाएगा कि मिस्टर परफेक्शनिस्ट का तमगा हासिल करने से पहले शुरुआत में आमिर खान को किस-किस तरह की फिल्म करनी पड़ी थी।

पढ़ें श्रीदेवी के प्यार में पागल हो गए थे बोनी कपूर, अर्जुन कपूर की माँ से इस तरह तोडा था रिश्ता

Back to top button