राजनीति

‘अखिलेश खुद नहीं चाहते आजम खां जेल से छूटे’, सपा नेता के चौंकाने वाले बयान से मची हलचल

विधानसभा चुनाव 2022 हारने के बाद समाजवादी पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी के भीतर ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का विरोध शुरू हो चुका है। सबसे हैरानी की बात है कि विरोध अब खुलेआम होने लगा है। उनके ऊपर वरिष्ठ नेताओं की मदद न करने का आरोप लगने लगा है।

आजम खां को लेकर अखिलेश अब घिरते हुए नजर आ रहे हैं। आजम के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू ने सपा प्रमुख के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका दावा है कि अखिलेश यादव खुद ही नहीं चाहते हैं कि आजम खां जेल से रिहा हो जाएं। उनके बयान ने राजनीति के गलियारों में हलचल मचा दी है और सपा बैकफुट पर आ रही है।

सीतापुर जेल में बंद हैं आजम

सपा के वरिष्ठ नेता और मुलायम के प्रमुख सहयोगी आजम खां इस समय जेल में बंद हैं। वो करीब ढाई साल से सीतापुर जेल में हैं। उनके ऊपर योगी सरकार ने कई मुकदमें किए हुए हैं। इनकी लगातार पैरवी भी की जा रही है। इसी वजह से आजम को जमानत मिलने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। उनको जेल में ही रहना पड़ रहा है।

सपा नेता को उम्मीद थी कि पार्टी की सरकार इस बार बन जाएगी। इसी के साथ उनके ऊपर लादे गए मुकदमों में ढील मिलेगी तो उनकी जमानत की राह आसान हो जाएगी। हालांकि दांव चल न सका और योगी एक बार फिर सत्ता में आ गए। तभी से आजम खां और ज्यादा परेशान हो गए हैं। वैसे उनको कुछ मामलों में बेल मिली है।

जानें आजम के मीडिया प्रभारी क्या बोले

आजम खां के मीडिया प्रभारी का नाम फसाहत अली खां शानू है। उन्होंने एक बैठक में खुलेआम राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साध दिया। वो बोले कि योगी आदित्यनाथ कहा करते हैं कि सपा प्रमुख खुद नहीं चाहते हैं कि आजम खां जेल से छूटे। शानू ने कहा कि क्या ऐसा मान लिया जाये कि योगी आदित्यनाथ सही कहते हैं।

शानू ने अपना दुख जाहिर किया और बोले कि जिस पार्टी के लिए हम लोगों ने खून बहाया, आज वही सपा हम लोगों के साथ नहीं खड़ी है। वो बोले कि आजम खां भी जेल में हैं। अब हम लोग यतीम हो गए हैं। हम किससे अपना दुख बताएं। शानू बोले कि हम लोगों को एकदम से अकेला छोड़ दिया गया है।

अखिलेश को कपड़ों से बदबू आती है

मीडिया प्रभारी ने अखिलेश पर जमकर सियासी तीर चलाए। उन्होंने कहा कि आजम खां ने अपनी पूरी जिन्दगी समाजवादी पार्टी को दे दी। इसके बाद भी उनको क्या मिला। सपा ने आजम के लिए क्या किया। उनको जेल से बाहर निकालने में कोई मदद नहीं की बल्कि उनको बेगाना बनाकर छोड़ दिया गया।

इसके साथ ही मीडिया प्रभारी शानू बोले कि अखिलेश हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं लेकिन उनको हमारे कपड़ों से बदबू आती है। मीडिया प्रभारी बोले कि क्या पूरा ठेका मुसलमानों ने ही लिया हुआ है। वोट भी मुसलमान ही दें और जेल जाने की नौबत आए तो वो भी मुसलमान ही जाए।

Back to top button