विशेष

फरारी के वक्त विकास दुबे ने बीजेपी नेता से मांगी थी 20 लाख की मदद, वायरल हुआ व्हाट्सएप चैट

उत्तर प्रदेश के कानपुर का कुख्यात अपराधी विकास दुबे 8 पुलिसकर्मियों के मर्डर के बाद शहर दर शहर भागता रहा। आखिरकार उसे उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया और फिर विकास को उज्जैन से सड़क के रास्ते कानपुर लाया जा रहा था, इसी दौरान वह एनकाउंटर में मारा गया। ऐसे में अब विकास दुबे से जुड़ी तमाम जानकारियां धीरे धीरे सामने आ रही है। इसी बीच एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिससे उत्तर प्रदेश की सियासी सरगर्मी चढ़ गई है। आइए जानते हैं, आखिर क्या है पूरा मामला।

हिस्ट्रीशीटर गैंग्स्टर विकास दुबे 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद लगातार एक शहर से दूसरे शहर पुलिस से भागता रहा, इसी दौरान विकास दुबे ने कानपुर के एक भाजपा नेता से बातचीत की थी। अब उस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप चैटिंग सामने आई है।  इस बातचीत में विकास दुबे खुद को सरेंडर करने के लिए भाजपा नेता से मदद मांग रहा है। हालांकि भाजपा नेता ने इस बातचीत की जानकारी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को दी थी। विकास दुबे और भाजपा नेता के बातचीत का व्हाट्सएप चैटिंग का स्क्रीनशॉट आप भी देख सकते हैं। चैटिंग के इस स्क्रीनशॉट के बाहर आने से उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को विपक्ष ने फिर से निशाने में लिया है। अब देखना होगा कि इस विकास दुबे के मामले में कहानी और कितने मोड़ लेगी।

विकास ने पैसों की मदद के लिए सपा विधायक का संपर्क बताया

बता दें कि बातचीत के दौरान अपराधी विकास दुबे ने 20 लाख रूपए की मांग की थी। इसके अलावा विकास दुबे ने भाजपा नेता से 4 जोड़ी वकीलों के पोशाक और जूते का इंतजाम करने की भी गुजारिश की थी। भाजपा नेता ने बताया कि ये इंतजाम करना मुश्किल है, तो विकास ने एक सपा विधायक से मदद लेने को कहा। इसके लिए विकास ने भाजपा नेता को सपा विधायक का मोबाइल नंबर भी दिया। इस चैट और ऑडियो में विकास दुबे भाजपा नेता को बार बार सपा विधायक गुड्डन त्रिवेदी से बात करने को कह रहा है।

इस चैट से पता चलता है कि विकास दुबे वकील की वेशभूषा में सरेंडर करने की तैयारी कर रहा था। गौरतलब है कि भाजपा नेता ने इस ऑडियो और चैट के स्क्रीनशॉट की जानकारी एसटीएफ को दी थी।

भाजपा नेता को दिया प्रॉपर्टी और पैसे दोगुने करने का प्रलोभन

बता दें कि विकास दुबे ने भाजपा नेता को न सिर्फ 20 लाख रूपए और 4 जोड़ी वकीलों की ड्रेस मांगी थी, बल्कि उसने कपड़े का साइज 40 नंबर बताया था और जूते 8 नंबर के मांगे थे। इसके अलावा विकास ने पैसों के लिए सपा विधायक से मदद लेने को कहा। साथ ही ऑडियो में  विकास दुबे लगातार अपना ठिकाना कभी वाराणासी तो कभी ग्वालियर बताता रहा। इतना ही नहीं विकास ने भाजपा नेता को प्रलोभन दिया था कि अगर मेरी मदद की तो आपको कानपुर में प्रॉपर्टी दिलाउंगा। उसने 2 दिन के अंदर 20 लाख का दोगुना 40 लाख रूपए लौटाने का वादा किया था।

Back to top button