विशेष

39 साल में ही चल बसे कन्नड़ एक्टर चिरंजीवी सरजा की शादी की तस्वीरें वायरल, पत्नी हैं गर्भवती

कन्नड़ फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता चिरंजीवी सरजा का बीते 7 जून को निधन हो गया है। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें बेंगलुरु के जयनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि चिरंजीवी को सांस लेने से संबंधित कोई बीमारी थी। केवल 39 साल की उम्र में चिरंजीवी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। चिरंजीवी का अंतिम संस्कार भी सोमवार को कर दिया गया है। चिरंजीवी के अचानक इस दुनिया से चले जाने के बाद सोशल मीडिया में उन्हें श्रद्धांजलि देने वाले उनके फैंस का तांता लग गया है। इसी क्रम में चिरंजीवी सरजा और उनकी पत्नी अभिनेत्री मेघना राज की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल होती हुईं नजर आ रही हैं।

गौरतलब है कि चिरंजीवी सरजा की पत्नी और अभिनेत्री मेघना राज इस वक्त गर्भवती हैं। जो तस्वीरें मेघना राज की सामने आ रही हैं, उनमें देखा जा सकता है कि अपने पति के निधन के बाद उनका रो-रो कर एकदम बुरा हाल हो गया है। केवल दो ही साल हुए थे जब ये दोनों शादी के बंधन में बंधे थे। वर्ष 2018 में 2 मई को इन दोनों ने एक-दूसरे से शादी रचा ली थी।

चिरंजीवी और मेघना की शादी पहले कैथोलिक रीति-रिवाजों से हुई थी। इसके बाद चिरंजीवी सरजा और मेघना राज इन दोनों कन्नड़ एक्टर्स ने हिंदू रीति-रिवाजों से भी शादी की थी। इन दोनों की शादी की बेहद खूबसूरत तस्वीरें इस वक्त सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही हैं।

इन दोनों की तस्वीरें देखकर उनके फैंस यही प्रतिक्रिया दे रहे हैं कि आखिर इन दोनों की जोड़ी को किसकी नजर लग गई। कई लोग कह रहे हैं कि इतनी कम उम्र में इस अभिनेता का दुनिया से चले जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ा सदमा है। कई यूजर्स उनकी पत्नी के लिए भी सहानुभूति जताते हुए नजर आ रहे हैं।

चिरंजीवी और मेघना की दोस्ती लगभग 10 सालों तक चली थी। इसी दौरान कब इन दोनों की दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई, इन्हें पता ही नहीं चला। जब मेघना और चिरंजीवी की शादी हुई थी तो उनके परिजनों के अलावा बेहद खास रिश्तेदार और लोग ही इसमें शामिल हुए थे।

चिरंजीवी की पत्नी मेघना राज ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में भी कदम रखा था। चिरंजीवी फिल्मी परिवार से ही नाता रखते थे। वर्ष 2009 में कन्नड़ फिल्म वायुपुत्र रिलीज हुई थी, जिससे उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया था। चिरंजीवी सरजा ने अपने करियर के दौरान 22 कन्नड़ फिल्मों में काम किया था और बड़ी लोकप्रियता अपने अभिनय और अपनी पर्सनालिटी की वजह से हासिल कर ली थी। चिरंजीवी के निधन के बाद दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

पढ़ें नागार्जुन से लेकर पवन तक इन साउथ स्टार्स ने बार-बार खाई प्यार की कसमें, कर चुके हैं कई शादियां

दोस्तों, उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह आर्टिकल पसंद आया होगा। पसंद आने पर लाइक व शेयर करना न भूलें। 

Back to top button