समाचार

दिल्लीवालों के लिए भारी हैं अगले 5 दिन, घर से निकलने से पहले ज़रूर जान लें ये अलर्ट

देशव्यापी लॉकडाउन के चौथे चरण में भले ही दिल्ली सरकार ने लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति दे दी हो, लेकिन अगले 5 दिनों तक घर से बाहर न निकलने में ही होशियारी है। जी हां, ज्यादातर जानकार और डॉक्टर ये कह रहे हैं कि अभी कोरोना का संकट टला नहीं है। ऐसे में, दिल्ली जैसे रेड जोन वाले इलाकों में रह रहे लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलना चाहिए। इसी बीच मौसम विभाग भी लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दे रहा है। आपके मन में सवाल होगा कि आखिर इन सबके बीच मौसम विभाग कहां से आ गया? तो आज हम आपके इसी सवाल का जवाब देंगे। आइये जानते हैं, आखिर क्यों मौसम विभाग दिल्ली वासियों को घरों में रहने की सलाह दे रहा है।

दिल्ली में अगले 4-5 दिन चलेंगे लू

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली के लिए अगले 4-5 दिन ठीक नहीं है। इन 4-5 दिनों में दिल्ली में मौसम की मार पड़ने वाली है। गौरतलब हो कि देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को मौसम काफी शुष्क और गर्म रहा। और मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगले 4 से 5 दिनों तक दिल्ली में लू चलने वाली है। विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि दिन का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सिय रहा। हालांकि मौसम विभाग ने बताया कि ये सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है, लेकिन अगले 4 से 5 दिनों में दिल्लीवासियों को लू के थपेड़े झेलने पड़ सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि गुरूवार को दिल्ली का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहेगा। और यह अगले 5 दिनों तक लगातार बढ़ता जाएगा।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

 मौसम का अनुमान लगाने वाली प्राइवेट एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पलावत का कहना है कि उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 4 से 5 दिनों तक भीषण गर्मी पड़ सकती है, क्योंकि उत्तर पश्चिमी भारत के कई इलाकों में तेज गति से शुष्क हवाएं और लू चलेंगी। महेश पलावत ने कहा कि अब मानसून से पहले मौसम में कोई गतिविधि नहीं होगी। इसलिए पूरे देश में तेज गति से तापमान में वृद्धि होने वाली है। वहीं राजधानी दिल्ली में अगले चार दिनों तक लू के थपेड़े पड़ेंगे। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र में पहुँच रहा है, लेकिन इसका असर मैदानी इलाकों में न के बराबर होगा।

गौरतलब हो कि अगर दो दिनों तक लगातार 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज होता है, तो उस इलाके में लू चलना घोषित किया जाता है। दूसरी तरफ अगर किसी इलाके में लगातार दो दिन तक 47 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जाता है, तो इसे भीषण लू वाली कैटेगरी में रखा जाता है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगर राष्ट्रीय राजधानी जैसे छोटे इलाकों में एक दिन के लिए भी 45 डिग्री सेल्सियस होता है तो लू घोषित कर दिया जाता है।

Back to top button