समाचार

सुशांत केस में कई बड़े सितारे भी हो सकते हैं तलब, रिया के कॉल डिटेल्स से हुआ चौकाने वाला खुलासा

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में रिया चक्रवर्ती लगातार फंसती हुई नजर आ रही हैं, मामला जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है, उन पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। सोमवार को ईडी के सामने रिया दूसरी बार पेश हुई थीं, बता दें कि ईडी रिया से मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से पूछताछ कर रही है। सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर में रिया से तकरीबन 9 घंटे की पूछताछ हुई है, साथ ही ईडी ने रिया का फोन भी जब्त किया था। इसी बीच रिया के कॉल रिकॉर्ड डिटेल सामने आए हैं, इससे एक बड़ा खुलासा हुआ है। आइये जानते हैं, आखिर क्या है पूरा मामला…

रिया के कॉल रिकॉर्ड डिटेल से पता चला है कि एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती, फिल्म निर्देशक महेश भट्ट के अलावा कई बॉलीवुड दिग्गजों से फोन के माध्यम से संपर्क में थीं। बताया जा रहा है कि रिया चक्रवर्ती ने बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान, श्रद्धा कपूर, रकुल प्रीत सिंह, आदित्य रॉय कपूर, राणा दग्गुबाती, सनी सिंह और सरोज खान जैसे बॉलीवुड हस्तियों से फोन पर बातचीत की थी।

कई बॉलीवुड दिग्गजों से संपर्क में थी रिया चक्रवर्ती…

सुशांत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया के कॉल डिटेल से ये खुलासा हुआ है कि उन्होंने आमिर खान से फोन के माध्यम से संपर्क किया था। इस फोन कॉल के बाद आमिर ने रिया को 3 मैसेज भी किए थे। रिपोर्ट के मुताबिक कॉल रिकॉर्ड से पता चलता है कि रिया, एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह से लगातार संपर्क में थीं। रिया ने रकुल को 30 कॉल किए थे। इसके अलावा रकुल ने रिया को 14 बार कॉल किया था। इसके अलावा एक्टर आदित्य रॉय कपूर को रिया ने 16 बार फोन किया, जबकि आदित्य ने रिया को 7 कॉल किए।

रिया चक्रवर्ती के कॉल डिटेल रिकॉर्ड से पता चलता है कि उन्होंने श्रद्धा कपूर को भी 3 बार फोन किया था। और वो अभिनेता सनी सिंह के साथ भी संपर्क में थीं। वहीं राणा दग्गुबाती को भी रिया ने कई फोन कॉल किए थे। हालांकि अभी इनके संपर्कों के कारणों का पता नहीं लगाया जा सका है।

मशहूर डांस कोरियोग्राफर सरोज खान से भी रिया चक्रवर्ती लगातार संपर्क में थीं। कॉल डिटेल के अनुसार रिया ने सरोज को 3 बार फोन किया था, वहीं सरोज ने रिया को 2 बार फोन किया। यही नहीं दोनों के बीच एक एसएमएस भी साझा हुआ था। इसके अलावा फिल्म निर्देशक महेश भट्ट के साथ भी एक्ट्रेस लगातार संपर्क में रहीं। दोनों के बीच 16 बार कॉल्स का आदान प्रदान हुआ। इसमें 7 बार महेश भट्ट ने रिया को फोन किया, तो वहीं रिया ने भट्ट को 9 बार कॉल किया।

केके सिंह ने कहा ‘सुशांत का हुआ है मर्डर… ‘

इन दिनों सोशल मीडिया पर रिया काफी ट्रोल हो रही हैं। और ट्वीटर पर लगातार #arrestrheachakraborty ट्रेंड कर रहा है। दूसरी तरफ सीबीआई इस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसी कड़ी में सुशांत के पिता और उनकी बहनों से बयान लिए गए हैं। अपने बयान में उन्होंने कहा है कि जैसे हालात अब बन रहे हैं, उससे लगता है कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि एक प्लान्ड मर्डर है।

बता दें कि बीते 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद इस मामले में अब तक कई पहलू निकलकर सामने आए हैं। पहले बॉलीवुड के नेपोटिज्म को सुशांत के मौत का जिम्मेदार बताया गया, इसको लेकर एक लंबी बहस भी छिड़ी। उसके बाद सुशांत के पिता केके सिंह ने रिया के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कराकर इस पूरे मामले का रूख ही बदल दिया।

Back to top button