समाचार

प्रियंका गांधी का सरकारी बंगला BJP के इस नेता को हो रहा है आबंटित, 20 सालों से जमाया था कब्ज़ा

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के सरकारी घर को बीजेपी राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को आवंटित किया गया है। अनिल बलूनी उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद है और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी भी है। वर्तमान में अनिल बलूनी आवास 20, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड, दिल्ली में रह रहे हैं और हाल ही में इन्होंने स्वास्थ्य कारणों के चलते अपना घर बदलने की मांग की थी। जिसके बाद आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (Ministry of Housing and Urban Affairs) ने इनको अब ये घर आवंटित कर दिया है।

बलूनी को सितंबर 2019 से कैंसर है और ये मुंबई में लंबे समय से अपना उपचार करा रहे थे। इसी साल ये फरवरी में दिल्ली लौटे थे और इन्होंने स्वास्थ्य कारणों के चलते घर बदलने की मांग की थी। बलूनी के अनुरोध के आधार पर ही अब इन्हें 35 लोधी एस्टेट बंगला आवंटित किया गया है।

दो दशक से इस घर में रह रही थी प्रियंका

प्रियंका गांधी करीब दो दशकों से इस घर में अपने परिवार के संग रह रही थी। ये घर प्रियंका गांधी को साल 1997 में आवंटित किया गया था और प्रियंका इस घर के लिए हर महीने 37 हजार रुपये किराया दिया करती थी।

वहीं एक जुलाई को केंद्रीय शहरी एवं आवास मंत्रालय ने प्रियंका के लोधी एस्टेट स्थित टाइप 06, आवास संख्या 35 को निरस्त करने का आदेश जारी किया है। जिसके बाद प्रियंका को ये घर छोड़ना होगा।

इस कारण से प्रियंका को छोड़ना होगा ये घर

प्रियंका गांधी के पास पहले एसपीजी सुरक्षा थी। एसपीजी सुरक्षा वालों को सरकारी आवास भी दिया जाता है। लेकिन साल 2000 में ये नियम बनाया गया था कि जिसके पास एसपीजी सुरक्षा नहीं होगी उसे सरकारी बंगला नहीं दिया जाएगा। पिछले साल प्रियंका की एसपीजी सुरक्षा उनसे वापस ले ली गई थी और इन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई थी। वहीं जेड प्लस सुरक्षा वाले लोगों को सरकार की और से आवास नहीं दिया जाता है। जिसकी वजह से प्रियंको को ये घर खाली करने को कहा है।

प्रियंका गांधी के अलावा सरकार ने पिछले साल नवंबर महीने में ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली थी और इन्हें भी जेड-प्लस श्रेणी सुरक्षा दी गई है।

प्रियंका को ये घर खाली करने के लिए एक अगस्त तक का समय दिया गया है और अब एक अगस्त के बाद, इस घर में बीजेपी नेता अनिल बलूनी रहना शुरू कर देंगे। वहीं सोशल मीडिया पर राज्यसभा सांसद बलूनी को प्रियंका गांधी का आवास देने से जुड़ा पत्र काफी वायरल हो रहा है।

कहां जाएंगी प्रियंका गांधी इस पर बना हुआ है सस्पेंस

अपना सरकारी घर छोड़ने के बाद प्रियंका गांधी किस जगह जाकर रहेंगी, इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ है। कहा जा रहा है कि प्रियंका लखनऊ शिफ्ट कर सकती है। लखनऊ में प्रियंका गांधी  हजरतगंज में गोखले मार्ग स्थित घर में रह सकती हैं। ये घर इंदिरा गांधी की मामी शीला कौल का है और लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है। इस घर की मरम्मत का काम भी किया जा रहा है।

Back to top button