बॉलीवुड

सुशांत की अंतिम यात्रा में शामिल हुए बॉलीवुड स्टार्स, पिता ने दी मुखाग्नि तो नम हो गई सबकी आंखे

शांत के इस अंतिम सफर में बॉलीवुड के कई सितारे पहुंचे और बहते आंसूओं के साथ उन्हें विदा किया

बॉलीवुड का एक और चमकता हुआ सितारा नम आंखों को बहता छोड़ सितारों की ही दुनिया में हमेशा-हमेशा के लिए चला गया। सुशांत सिंह राजपूत का 15 जून को मुंबई के विले पार्ले में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके पिता और बहन जैसे ही मुंबई पहुंचे तो क्रिया कर्म की तैयारियां होने लगीं थीं। सुशांत के पिता ने ही उन्हें मुखाग्नि दी। सुशांत के इस अंतिम सफर में बॉलीवुड के कई सितारे पहुंचे और बहते आंसूओं के साथ उन्हें विदा किया।

पिता ने नम आंखों से बेटे को किया विदा

बता दें कि 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत ने मुबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में फांसी लगा ली थी। ये खबर जब लोगों के सामने आई तो पहले किसी को भी इस खबर पर यकीन नहीं हुआ। सुशांत महज 34 वर्ष के थे और इंडस्ट्री में उनका बड़ा नाम हो चुका था।

ऐसे में सुशांत का इस तरह से आत्महत्या कर लेना किसी को भी समझ नहीं आ रहा था। उनका परिवार पटना में था और उनके मुंबई आने का इंतजार किया जा रहा था। ऐसे मे जब उनका परिवार मुंबई पहुंचा तो उन्हें अंतिम यात्रा पर ले जाया गया।

बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत के पोस्टमार्टम के बाद 15 जून को ही कपूर अस्पताल ने रिपोर्ट जारी कर दी थी। रिपोर्ट में साफ तौर पर ये ही सामने आया कि सुशांत ने आत्महत्या की थी। गौरतलब है कि सुशांत के परिवार और करीबी लगातार इस बात को कह रहे थे कि सुशांत हालात से लड़ने वाले इंसान थे और आत्महत्या नहीं कर सकते। वहीं उनसे जुड़े लोगों ने बताया कि सुशांत काफी लंबे समय से डिप्रेशन झेल रहे थे और इसके चलते ही उन्होंने अपनी जान ले ली।

शामिल हुए बॉलीवुड के कई सितारे

सुशांत के इस तरह से चले जाने से जहां उनका परिवार स्तब्ध था तो वहीं उनके साथी कलाकारों के आंसू भी नहीं थम रहे थे। उनकी रूमर्ड गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस रिया चक्रबर्ती भी अस्पताल से रोते हुए बाहर निकली थीं। वहीं उनके अंतिम संस्कार में कृति सेनन, श्रद्धा कपूर, विवेक ओबरॉय, राजकुमार राव जैसे कई सितारे पहुंचे।

रील लाइफ धोनी को इस उम्र में अंतिम विदाई देना किसी के लिए आसान नहीं था। हर किसी के चेहरे पर तनाव था और आखों में आंसू थे। इसी बीच अब सुशांत को लेकर और भी खबरें सामने आ रही हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत  ने कहा कि ये एक आत्महत्या नहीं है बल्कि मर्डर है। बॉलीवुड के ही लोगों ने सुशांत की जान ली है। सुशांत की गलती बस ये है कि उन लोगों ने कहा कि तुम किसी काम के नहीं हो और उसने ये बात मान ली।

सुशांत की मौत छोड़ गई कई सवाल

कंगना के इस हमले के बाद से बॉलीवुड दो हिस्सों में बंटता नजर आ रहा है। बहुत सारे कलाकारों ने भी साफ तौर पर इस बात का समर्थन किया कि इंड्स्ट्री में कोई किसी की मदद नहीं करता है और सब नाम के दोस्त हैं। वहीं बहुत से फैंस ने भी इस बात में समर्थन देते हुए कई स्टार्स को लताड़ लगाई।

हालांकि सुशांत किस बात को लेकर डिप्रेशन में थे ये बात स्पष्ट रुप से तो साफ नहीं हुई है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है वो इंडस्ट्री के रवैये से दुखी थे। बहुत से लोगों का कहना है कि सुशांत के हाथ से कई प्रोजेक्ट छीन लिए गए थे और सोशल गैदरिंग में भी किनारे कर दिया जाता था। इसके चलते ही सुशांत हताश हो गए थे।

उनके दोस्तों और करीबियों ने बताया कि सुशांत 6 महीने से डिप्रेशन में थे और उनकी दवा चल रही थी, लेकिन कुछ दिनो से उन्होंने दवा लेना भी छोड़ दिया था। अब सुशांत ने हमेशा हमेशा के लिए सबसे दूर चले गए लेकिन अपने पीछे अनगिनत सवाल छोड़ गए जो आने वाले लंबे समय तक उनके हर फैंस और चाहने वालों को कचोटते रहेंगे।

Back to top button