बॉलीवुड

अंकिता से दूर होते ही कृति सेनन के करीब आ गए थे सुशांत, अफेयर की खबरों पर कहा था ‘ऐसी कोई ….’

सुशांत सिंह राजपूत के निधन को 3 महीने से ज्यादा का वक्त हो गया, लेकिन उनके जाने का गम उनके चाहने वालों के लिए कम ही नहीं हो रहा है। महज 34 साल की उम्र में सुशांत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था और अभी तक लोग ये नही जान पाए कि ऐसी अनहोनी कैसे हो गई। सुशांत को जानने वाले तो बहुत हैं, लेकिन उनके जीवन में दो लड़कियां ऐसी थीं जो बेहद खास थीं। पहली अंकिता लोखंडे और दूसरी एक्ट्रेस कृति सेनन। सुशांत के गुजर जाने के गम इन दिनों एक्ट्रेस को बहुत ज्यादा हुआ था। सुशांत के पिता ने बताया था कि उनके बेटे के अंतिम संस्कार में वैसे तो कई लोग पहुंचे थे, लेकिन सिर्फ एक्ट्रेस कृति सेनन ही थी जिन्होंने उनसे बात की थी। वहीं अंकिता लोखंडे सुशांत के परिवार से मिलने पटना पहुंची थी।

अंकिता के बेहद करीब थे सुशांत

सुशांत सिंह राजपूत एक ऐसे कलाकार थे जिन्होंने अर्श से फर्श का सफर अपने दम पर तय किया था। उस इंडस्ट्री में जहां बहुत से सितारे मुंह में चांदी का चम्मच लेकर पैदा होते हैं और स्टार बन जाते हैं उस जगह सुशांत ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई थी। शो ‘पवित्र रिश्ता’ से सुशांत को बड़ा ब्रेक मिला था और मानव के किरदार में उन्होंने घर घर में पहचान बनाई थी। इस शो में उनकी को-स्टार अंकिता ने अर्चना का रोल निभाया। इस शो में अंकिता मानव की पत्नी बनी थी, लेकिन असल जिंदगी में उनकी कहानी अधूरी ही रह गई थी।

इस शो के दौरान ही अंकिता और सुशांत एक दूसरे के करीब आए थे। अंकिता और सुशांत टीवी के सबसे पॉवर कपल माने जाते थे। शो के साथ साथ दोनों का प्यार परवान चढ़ा और शो खत्म होने के बाद भी इनका पवित्र रिश्ता बरकरार रहा। सुशांत अंकिता से बेहद प्यार करते थे और अंकिता भी उन पर जान छिड़कती थी। यहां तक की ये भी कहा जाता है कि सुशांत और अंकिता शादी करने वाले थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

कृति संग रिश्तों पर बोली थी ये बात

सुशांत को बॉलीवुड में जाना था और उन्हें फिल्म ‘काई पो चे’ से ब्रेक भी मिल गया। सुशांत जैसे ही बॉलीवुड में आगे बढ़े अंकिता से उनके रिश्ते कमजोर होने लगे। दोनों के बीच गलतफहमियां बढ़ने लगीं। एक दिन ऐसा भी आया जब अंकिता सुशांत की जिंदगी का हिस्सा नहीं रही और दोनों अलग हो गए। हालांकि कुछ बात थी इनके रिश्ते में कि अलग होकर भी दोनों एक दूसरे के वेल विशर बने रहे।

सुशांत सफलता की सीढ़ियां चढ़ रहे थे और अंकिता भी अपने करियर में ध्यान दे रही थीं। उसी दौरान सुशांत को कृति सेनन के साथ फिल्म मिली ‘राब्ता’। राब्ता के सेट पर ही सुशांत और कृति एक दूसरे के करीब आने लगे। दोनों की नजदीकियों की खबरें सुर्खियों में आने लगी थी। हालांकि सुशांत ने उस वक्त कहा था कि ऐसी कोई बात नहीं है। कृति के साथ उन्होंने कभी अपने रिश्ते को नहीं स्वीकारा था।

कृति के साथ सुशांत का रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चला और उनकी जिंदगी में रिया की एंट्री हो गई। कृति और अंकिता दोनों ही सुशांत की करीबी थीं और उन्हें अच्छे से समझती थी। फैंस का तो यहां तक कहना है कि अंकिता अगर सुशांत की जिंदगी से नहीं गई होती तो सुशांत की शायद ये हालत नहीं होती। हालांकि अंकिता और कृति दोनों ही सुशांत के न्याय की मांग कर रही हैं और उन्हें उम्मीद है कि एक दिन सुशांत को न्याय जरुर मिलेगा।

Back to top button