अध्यात्म

Kartik Purnima 2019 : 12 नवंबर को है कार्तिक पूर्णिमा, इस दिन विष्णु जी ने लिया था मत्स्य अवतार

कार्तिक माह की पूर्णिमा 12 नवंबर को आ रही है और इस पूर्णिमा के दिन ही भगवान विष्णु द्वारा मत्स्य अवतार लिया गया था। इसके अलावा कार्तिक माह की पूर्णिमा के दिन ही सिख धर्म के प्रथम गुरू गुरुनानक देव की जयंती भी होती है। कार्तिक पूर्णिमा का दिन बेहद ही शुभ होता है और इस दिन कौन-कौन से शुभ काम किए जाने चाहिए वो हम आपको इस लेख के जरिए बताने जा रहे हैं।

कार्तिक पूर्णिमा का महत्व

कार्तिक मास में आने वाली पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा, त्रिपुरारी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन ही शिव जी ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था। जिसकी वजह से इस पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा कहा जाने लगा। इसके अलावा एक अन्य मान्यता ये भी है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान विष्णु ने मत्स्यावतार लिया था जो कि विष्णु जी का प्रथम अवतार था। इतना ही नहीं ये भी माना जाता है कि कार्तिक मास में आने वाली पूर्णिमा को देवता दीपावली मानते हैं और इसे देव दीपावली कहा जाता है।

इस पूर्णिमा पर करना चाहिए शुभ काम

कार्तिक पूर्णिमा के दिन नीचे बताए गए कार्य करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए आप कार्तिक पूर्णिमा के दिन ये कार्य जरूर करें।

  • कार्तिक पूर्णिमा के दिन आप सत्यनारायण भगवान की पूजा और इनकी कथा करें। इनकी पूजा करने से मनचाही चीज हासिल हो सकती है।
  • कार्तिक पूर्णिमा को आप सुबह के समय शिवलिंग पर जल चढ़ें और शिवलिंग का अभिषेक करें। जल चढ़ाते समय ऊँ नम: शिवाय मंत्र का जाप करें। इसके बाद आप शिवलिंग के सामने एक घी का दीपक जला दें और शिव जी की आरती गाएं। इसके अलावा आप गणेशजी, माता पार्वती, कार्तिकेय स्वामी और नंदी की भी पूजा जरूर करें।
  • कार्तिक पूर्णिमा पर आप सुबह जल्दी उठें और नहाने के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें। ऐसा करने से सभी तीर्थों का पुण्य मिल जाता है।
  • इस दिन आप सूर्य को अर्घ्य जरूर दें और अर्घ्य देते समय सूर्य नम: जरूर बोलें। सूर्य को चढ़ाए जाने वाले जल में आप फूल, कुमकुम और चावल भी जरूर डाले लें। ऐसा माना जाता है कि सूर्य को अर्घ्य देने से शरीर की रक्षा कई रोगों से होती है।
  • अगर हो सके तो इस दिन आप पवित्र नदियों में स्नान जरूर करें। स्नान करने के बाद भगवान की पूजा करें और उनके सामने दीप भी जलाएं। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से सारे पापों से मुक्ति मिल जाती है।
  • कार्तिक पूर्णिमा के दिन आप चीजों का दान भी जरूर करें। इस दिन दान करना उत्तम माना जाता है। इसलिए आप इस दिन गरीब लोगों को दाल , चावल, कपड़े और इत्यादि तरह की चीजें जरूर दान करें।
  • पूर्णिमा की शाम आप हनुमान जी के मंदिर में जाकर उनके सामने दीपक जला दें और हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • इस दिन देवता द्वारा दीपावली मनाई जाती है। इसलिए आप भी अपने घर में इस दिन दो दीपक जरूर जलाएं। ऐसा करने से घर में सदा बरकत बनी रहती है।

Back to top button