समाचार

1000 करोड़ की संपत्ति का मालिक है दिल्ली दंगों का आरोपी फैजल फारुकी, दंगों के लिए की थी फंडिंग

दिल्ली दंगों (Delhi Riots) को लेकर दिल्ली पुलिस ने अभी तक 78 चार्जशीट दायर कर दी हैं और दिल्ली पुलिस ने इन दंगों के लिए ताहिर हुसैन को मुख्य आरोपी माना है। दिल्ली पुलिस की और से हाल में दायर की गई चार्जशीट में ताहिर हुसैन को दिल्ली हिंसा का मास्टरमांड बताया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार ताहिर को दिल्ली में दंगे करवाने के लिए एक करोड़ से अधिक रुपए दिए गए थे। जिनका इस्तेमाल ताहिर ने दंगों के दौरान किया था।

1000 करोड़ की संपत्ति का है मालिक

फैजल फारुकी

दिल्ली दंगों में पुलिस ने कई सारे लोगों को आरोपी बनाया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार दंगों की फंडिंग का जिम्मा उन लोगों को दिया गया था जिनके पास काफी सारी संपत्ति है, फैजल फारुकी दिल्ली दंगों की फंडिंग करने वालों में से एक है। पुलिस के अनुसार फैजल फारुकी तबलीगी जमात के मरकज के अमीर मौलाना मोहम्मद साद का करीबी है और ये 1000 करोड़ की संपत्ति का मालिक है।

इस केस की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच ने पाया कि राजधानी स्कूल के मालिक फैजल फारुकी के पास एक हजार करोड़ की संपत्ति है और दंगों के दौरान इसके स्कूल का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के अनुसार दंगों के वक्त दंगाइयों ने राजधानी स्कूल की छत को अपने बेस के तौर पर इस्तेमाल किया था। स्कूल की छत से दिल्ली पुलिस को कई सारे ऐसे सबूत मिले थे जो कि इस और इशारा करते हैं। पुलिस ने स्कूल की छत से लोहे की बड़ी गुलेल जब्त की थी।

दिल्ली में कुल हैं तीन स्कूल

क्राइम ब्रांच ने शिव विहार में हुए दंगों के आरोप में फैजल फारुकी की गिरफ्तारी की थी। पुलिस के अनुसार इसके दिल्ली में तीन स्कूल हैं, पहला स्कूल सीलमपुर में क्राउन पब्लिक स्कूल है, दूसरा शिव विहार में राजधानी स्कूल है और तीसरा वजीराबाद रोड पर विक्टोरिया पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल है। स्कूल के अलावा फैजल फारुकी ने कई जगह पर जमीन भी खरीद रखी है। इसने साल 2014 में करीब 6 करोड़ की C ब्लॉक यमुना विहार में प्रॉपर्टी खरीदी थी। साल 2017 में भी इसने C ब्लॉक यमुना विहार में एक प्रॉपर्टी खरीदी थी जो कि 7.5 करोड़ रुपए की थी। साल 2018 और साल 2019 में यमुना विहार में इसने दो दुकानें खरीदी थी जो कि 10 करोड़ की थीं। साल 2020 में यमुना विहार में B ब्लॉक में इसने एक प्रॉपर्टी ली थी जो कि 10 करोड़ की है।

इन लोगों के संपर्क में था

क्राइम ब्रांच के अनुसार दिल्ली में हुए इन दंगों के दौरान फैजल फारुकी पीएफआई, हजरत निजामुद्दीन मरकज से जुड़े बड़े लोगों के संपर्क में था। पुलिस का कहना है कि इन दंगों को सोच समझकर किया गया था और इनकी तैयारी काफी पहले से चल रही थी। वहीं पुलिस अब फैजल फारुकी के पास ये बेहिसाब संपत्ति कहा से आई है और इसका पीएफआई समेत मरकज कनेक्शन के बारे में भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।

गौरतलब है कि दिल्ली में फरवरी महीने में दंगे हुए थे और इन दंगों में 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। दिल्ली में हुए इन दंगों के आरोप में दिल्ली पुलिस ने कई सारे लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें से फेजल फारुकी एक हैं।

Back to top button