समाचार

तोते ने कर दिया जीना हराम, तंग आकर थाने जा पहुंचा शख्स, बोला- जब भी घर से निकलो सिटी मारता है

पुलिस वालों की नौकरी भी बड़ी दिलचस्प होती है। उनके पुलिस स्टेशन में आए दिन कई तरह के केस आते रहते हैं। कभी कोई गंभीर मामला होता है तो कभी बेहद मामूली। वहीं कुछ मामले तो इतने अजीब होते हैं जिन्हें सुन पुलिस भी अपना सिर खुजाने लगती है। अब महाराष्ट्र के पुणे शहर का यह अनोखा मामला ही ले लीजिए। यहां एक शख्स थाने में तोते के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने आ पहुंचा।

तोते की शिकायत लेकर थाने पहुंचा बुजुर्ग

थाने आए शख्स ने तोते के ऊपर कई तरह के आरोप लगाए। कहा कि वह बहुत शोर मचाता है। मुझे शांति से रहने नहीं देता है। यहां तक कि मुझे देख सिटी भी बजाता है। शख्स ने आगे कहा कि मै इस तोते से बहुत परेशान हो गया हूं। आप इसका कुछ कीजिए। शख्स की शिकायत सुनने के बाद पुलिस ने उसे आश्वासन दिया कि वे नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। तो चलिए इस अजब गजब मामले को थोड़ा और विस्तार से जानते हैं।

तोते के खिलाफ मामला दर्ज करवाने वाले शख्स की उम्र 72 साल है। उसका नाम अंकुश शिंदे है। वह शिवाजी नगर में रहता है। उसके पड़ोस में अकबर अमजद खान रहता है। अकबर के पास एक तोता है जो कथित रूप से बुजुर्ग को बहुत परेशान करता है। बुजुर्ग का आरोप है कि मैं जब भी घर से बाहर आता या जाता हूं तो तोता बहुत शोर मचाता है। इससे मुझे परेशानी होती है।

तोते के मालिक से भी हुई बहस

बुजुर्ग के अनुसार उन्होंने अपने पड़ोसी अकबर को तोता कहीं और रखने की सलाह भी दी थी। हालांकि उसने ऐसा नहीं किया और उल्टा बहसबाजी करने लगा। उसने गाली गलोज भी की। यहां तक की जान से मारने की धमकी भी दे डाली। बस इसी बात से तंग आकर बुजुर्ग को मदद के लिए पुलिस थाने जाना पड़ा।

बाद में पुलिस ने तोते के मालिक को थाने भी बुलाया। हालांकि उसे वार्निंग देकर छोड़ भी दिया। अब यह पूरा अनोखा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वैसे ये कोई पहला ऐसा मामला नहीं है जब कोई किसी जानवर के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंचा हो। इसके पहले मध्य प्रदेश में एक शख्स भैंस की शिकायत दर्ज करवा चुका है।

यह जनाब भैंस की शिकायत लेकर गए थे

मध्य प्रदेश के भिंड जिले के नया गांव में बीते वर्ष पुलिस उस समय हैरान रह गई थी जब बाबूराम नाम का शख्स भैंस की शिकायत दर्ज करवाने आया। उसने कहा कि भैंस मुझे अपना दूध नहीं निकालने देती है। उसने इस मामले में पुलिस को लिखित में आवेदन भी दिया था। पहले तो पुलिस ने उसे समझा बुझा कर घर भेज दिया था। लेकिन फिर वह भैंस को ही थाने ले आया। फिर पुलिस ने वेटरनिटी डॉक्टर की मदद से बाबूलाल को भैंस का दूध निकालने के तरीके बताए ।

Back to top button