राजनीति

प्रियंका गांधी को पुलिस ने लिया हिरासत में, राष्‍ट्रपति भवन के पास हाई वोल्टेज ड्रामा

दिल्ली पुलिस ने प्रियंका गांधी सहित कई कांग्रेस के नेताओं को हिरासत में लिया है। दरअसल आज कृषि कानून के विरोध में प्रियंका गांधी, राहुल गांधी व अन्य कांग्रेसी नेताओं ने पैदल मार्च निकाला था और ये सभी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने के लिए जा रह थे। दिल्ली पुलिस ने इस दौरान कांग्रेस नेताओं को रोक दिया और सिर्फ तीन नेताओं को राष्ट्रपति भवन जाने की अनुमति दी। जिसके बाद राहुल गांधी अन्य दो नेताओं के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलें। जबकि प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को पुलिस एक बस में बिठाकर ले गई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही इन्हें छोड़ दिया गया।


दूसरी ओर राहुल गांधी ने राष्ट्रपति से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसके बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राष्ट्रपति से हमने कहा है कि इन कानूनों से किसानों को नुकसान होने वाला है। देश को दिख रहा है कि किसान कानून के खिलाफ खड़ा है। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि किसान हटेगा नहीं, जब तक कानून वापस नहीं होगा तब तक कोई वापस नहीं जाएगा। सरकार संसद का संयुक्त सत्र बुलाए और इन कानूनों को तुरंत वापस लें। आज किसान दुख और दर्द में हैं, कुछ किसानों की मौत भी हुई है।

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि हम लोकतंत्र में रह रहे हैं और ये चुने गए सांसद हैं। उन्हें राष्ट्रपति से मिलने का अधिकार है, उन्हें अनुमति मिलनी चाहिए। सरकार को क्या दिक्कत है? बॉर्डर पर खड़े लाखों किसानों की आवाज सरकार क्यों नहीं सुन रही है। हम किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद करने के लिए ये मार्च कर रहे हैं। जवान किसान का बेटा होता है, जो किसानों की आवाज ठुकरा रहा है और अपनी जिद्द पर अड़ा हुआ है।

गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली के बॉर्डरों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और आज इस प्रदर्शन का 29 वां दिन है। किसान सरकार से कानून वापसी की मांग कर रहे हैं। इसी बीच आज कांग्रेस के नेता राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलकर उन्‍हें नए कृषि कानूनों पर हस्‍तक्षेप की मांग करने वाला एक ज्ञापन सौंपने गए थे। जिसमें 2 करोड़ लोगों ने हस्‍ताक्षर किएहैं। राहुल गांधी विजय चौक से लेकर राष्‍ट्रपति भवन तक एक मार्च निकालना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने इन्हें मार्च की अनुमति नहीं दी। अनुमति नहीं मिलने के बावजूद भी प्रियंका गांधी व कुछ नेताओं ने राष्‍ट्रपति भवन जाने की कोशिश की। जिसके चलते पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया।

Back to top button