बॉलीवुड

पिता शत्रुघ्न के पार्टी बदलने पर सोनाक्षी ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं ‘बहुत देर कर दी, लेकिन…’

बॉलीवुड की दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा जहां एक तरफ अपनी अपकमिंग फिल्म कलंक को लेकर सुर्खियों में हैं, तो वहीं इनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा राजनीतिक गलियारों में चर्चा में हैं। हाल ही में बीजेपी ने शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट काटा तो नाराज होकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थामने का फैसला कर लिया। शत्रुघ्न सिन्हा पिछले पांच सालों से बीजेपी से नाराज चल रहे हैं, जिसके बाद अब उन्हें जब टिकट नहीं मिला तो उन्होंने अपनी नाराजगी खुलेआम जाहिर कर दी और कांग्रेस का हाथ थाम लिया। तो चलिए जानते हैं कि हमारे इस लेख में आपके लिए क्या खास है?

शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा बीजेपी छोड़ कर कांग्रेस में शामिल होकर जब सोनाक्षी सिन्हा से सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुरा कर जवाब दे दिया। दरअसल, सोनाक्षी सिन्हा मुंबई के ‘इंडियाज मोस्ट स्टाइलिश अवार्ड्स’ में शामिल होने के लिए गई थी, जहां उनसे शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर सवाल किया गया। सोनाक्षी सिन्हा कभी भी मीडिया के सवालों से भागती नहीं है और न ही गोल गोल घुमाकर बात करती हैं। इसी वजह से शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा बीजेपी छोड़ने पर भी सोनाक्षी सिन्हा ने खुलकर जवाब दिया।

पापा की अपनी मर्जी है – सोनाक्षी सिन्हा

मीडिया ने जब सोनाक्षी सिन्हा से सवाल किया कि आखिर शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का हाथ क्यों थामा? तो सोनाक्षी सिन्हा ने मुस्कुराते हुए कहा कि ये पापा की अपनी मर्जी है और उन्हें जो ठीक लगा, उन्होंने वही किया। सोनाक्षी के बयान से साफ लग रहा है कि शत्रुघ्न सिन्हा टिकट न मिलने पर खुद को अपमानित महसूस कर रहे थे। याद दिला दें कि शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी में रहते हुए भी मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल के खिलाफ जमकर आवाज उठाते हुए नजर आते थे, जिसकी वजह से इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया गया।

यह भी पढे़ – शादीशुदा होकर भी नहीं मिल सका जया प्रदा को पत्नी का दर्जा, तीन बच्चों की हैं सौतेली मां

पापा ने बहुत देर कर दी – सोनाक्षी सिन्हा

शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस में शामिल होने पर सोनाक्षी सिन्हा ने कहा कि पापा को बीजेपी के लोगों ने तवज्जो नहीं दी, जो एक सीनियर लीडर को मिलना चाहिए, ऐसे में पापा ने अब जो किया है, उसे पहले ही कर देना चाहिए था। साथ ही सोनाक्षी सिन्हा ने आगे कहा कि पापा कांग्रेस के साथ मिलकर वह सब कुछ कर सकेंगे, जो उनका मन करेगा। हालांकि, सोनाक्षी सिन्हा ने कहा कि आडवाणी जी और अटल जी के लिए पापा के मन में आज भी बहुत सम्मान है, लेकिन अब वे कांग्रेस के साथ मिलकर काम करने में सक्षम होंगे।

मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक में नजर आने वाली हैं सोनाक्षी सिन्हा

सोनाक्षी सिन्हा के वर्क फ्रंट की बात करें, तो लंबे समय से उनकी कोई फिल्म नहीं आई है, लेकिन अब वे जल्दी ही मल्टीस्टारर फिल्म कलंक में नजर आने वाली हैं, जिसमें सोनाक्षी के अपोजिट आदित्य राय हैं। बता दें कि इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा के अलावा वरुण धवन, आलिया और माधुरी दीक्षित भी नजर आने वाले हैं।

Back to top button