अध्यात्म

होलिका दहन के इन उपायों से जिंदगी में चल रही समस्याएं होंगी खत्म, आर्थिक परेशानी का होगा समाधान

हिंदू पंचांग के अनुसार, होलिका दहन फाल्गुन पूर्णिमा तिथि पर विधि-विधान से किया जाता है। इस वर्ष 28 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा और 29 मार्च 2021 को रंगों वाली होली खेली जाएगी। धार्मिक ग्रंथों में होलिका दहन का विशेष महत्व बताया गया है। होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत की प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।

होलिका दहन की एक पौराणिक कथा बहुत लोकप्रिय है। कथा भगवान विष्णु जी के भक्त प्रहलाद और दानव होलिका के बारे में है। आपको बता दें कि प्रह्लाद भगवान विष्णु जी का परम भक्त था और बुरे इरादे से होलिका प्रह्लाद को अपनी गोद में लेकर अग्नि में बैठ गई थी परंतु प्रह्लाद अग्नि से बाहर निकल गया लेकिन होलिका जलकर राख हो गई। इसलिए इस त्यौहार को होलिका दहन के नाम से लोग जानते हैं।

शास्त्रों में होलिका दहन से जुड़े हुए ऐसे कई उपाय बताए गए हैं जो बेहद प्रभावी माने जाते हैं। अगर इस विशेष अवसर पर यह छोटे-छोटे उपाय किए जाए तो इससे जीवन की कई परेशानियों का हल निकल सकता है। आज हम आपको हर तरह की समस्या के समाधान के लिए होलिका दहन के कुछ उपायों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

पैसों से जुड़ी समस्या दूर करने के लिए

अगर किसी व्यक्ति के जीवन में पैसों से जुड़ी हुई परेशानी चल रही है तो ऐसी स्थिति में कमल गट्टे की माला से मंत्र “ओम् महालक्ष्म्यै नमः” का जाप कीजिए। इसके बाद इसी माला को धारण करके होलिका के पास घी का दीपक जलाएं और साथ ही आर्थिक सम्पन्नता की प्रार्थना कीजिए। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से शीघ्र ही लाभ होने की संभावना रहती है। होलिका की अग्नि में शक्कर की आहुति देते हुए आप मंत्र “ओम् श्रीं हृीं श्रीं महालक्ष्मय नमः” को 108 बार पढ़ते जाइए। इस उपाय को करने से धन वृद्धि की संभावना बढ़ती है।

बीमारी से छुटकारा पाने के लिए

अगर कोई व्यक्ति या फिर किसी व्यक्ति के घर में कोई काफी लंबे से बीमार चल रहा है, दवा इलाज कराने के बावजूद भी कोई असर नहीं हो रहा है तो ऐसी स्थिति में एक मुट्ठी पीली सरसों, एक लौंग, काला तिल, एक छोटा सा टुकड़ा फिटकरी, एक सूखा हुआ नारियल लेकर बीमार व्यक्ति के सिर से 7 बार वारकर होलिका की अग्नि में उस नारियल को डाल दीजिए। इस उपाय को करने से लाभ मिलता है।

दांपत्य जीवन में मिठास लाने के लिए

अगर पति-पत्नी के बीच अनबन बनी रहती है। आपका दांपत्य जीवन ठीक नहीं चल रहा है तो आप रुई की 108 बत्तियां देसी घी में भिगोकर होलिका की अग्नि में एक-एक करके परिक्रमा करते हुए डालते जाएं और इस दौरान दांपत्य जीवन में सुधार करने की भी कामना कीजिए। इस उपाय को करने से दांपत्य जीवन में मिठास आती है।

नजर दोष से छुटकारा पाने के लिए

अगर किसी बच्चे को नजर लग गई है तो ऐसी स्थिति में देसी घी में भीगे हुए 5 लौंग, एक बताशा, एक पान का पत्ता लीजिए और उसको होलिका दहन में अर्पित कर दीजिए। इसके बाद दूसरे दिन होलिका की राख न कर किसी पोटली या धागे में बांधकर बच्चे को पहना दीजिए। इस उपाय को करने से नजर दोष से छुटकारा मिलता है।

व्यापार में लगातार घाटा हो रहा हो तो

होलिका दहन की शाम को दुकान या मकान के मुख्य द्वार की चौखट पर आप गुलाल छिड़क दीजिए और उस पर आटे का बना चार मुखी दीपक जलाएं। इसके पश्चात उस दीपक को जलती हुई होलिका की अग्नि में डाल दीजिए। इस उपाय को करने से व्यापार में हो रहे लगातार घाटे से छुटकारा मिलता है और आर्थिक हानि का भी सामना नहीं करना पड़ेगा।

मेहनत करने के बाद भी नुकसान हो रहा हो तो

अगर किसी व्यक्ति को लाख कोशिश करने के बावजूद भी मेहनत का उचित परिणाम नहीं मिल रहा है। बार-बार नुकसान का सामना करना पड़ रहा है, दुकान, ऑफिस, फैक्ट्री या मकान में अगर चोरी की घटना होती रहती है तो ऐसे में एक सूखा नारियल और तांबे का पैसा घर या दुकान में 7 बार चारों कोनों में घुमाकर होलिका की अग्नि में डाल दीजिए। इससे फायदा मिलेगा।

Back to top button