विशेष

गोली लगने के बाद भी बहादुर महिला सब इंस्पेक्टर ने नहीं खोया हौसला, नामी बदमाशों को धरदबोचा

दिल्ली पुलिस की जांबाज महिला सब इंस्पेक्टर प्रियंका इन दिनों खूब तारीफ़ें बटोर रही है। दरअसल एसआई प्रियंका ने दो बड़े गुंडों को अपनी जान पर खेलकर पकड़ा है। इन बदमाशों को पकड़ने के चक्कर में उन्हें एक गोली भी लगी, लेकिन फिर भी इनका हौसला तस से मस नहीं हुआ।

बात गुरुवार सुबह की है। यहां दिल्ली के प्रगति मैदान इलाके में पुलिस की क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ चल रही थी। इसमें पुलिस की गोली से ये बदमाश घायल हो गए। वहीं इन बदमाशों की बंदूक से निकली एक गोली एसआई प्रियंका की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। ऐसा शायद पहली बार ही होगा जब दिल्ली पुलिस के एनकाउंटर में किसी सब इंस्पेक्टर ने गुंडों को पकड़ा है।

बता दें कि एसआई प्रियंका ने जिन बदमाशों को पकड़ा है उनके ऊपर इनाम भी था। पहले गुंडे रोहित चौधरी के ऊपर चार लाख का इनाम था। वहीं दूसरे बदमाश टीटू पर इनाम की रकम डेढ़ लाख रुपए थी। इस मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों का ट्रीटमेंट दिल्ली स्थित आरएमएल हॉस्पिटल में चल रहा है।

दरअसल पुलिस को इन दो बदमाशों के खिलाफ एक गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के अनुसार ये दोनों गुंडे दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना चाहते थे। यही वजह थी कि पुलिस एक्टिव हुई और प्रगति मैदान इलाके में भैरव मंदिर के पास जाल बिछा उनकी तलाश में लग गई।

इसी दौरान गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे इसी इलाके से एक संदिग्ध कार गुजरती दिखाई दी। पुलिस ने इसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं रुकी और स्पीड के साथ आगे बढ़ गई। इस वजह से सड़क पर लगे कई बैरिकेड भी टूट गए। हालांकि पुलिस ने कुछ देर बाद इस कार में बैठे बदमाशों को पकड़ लिया।

जब इनकी कार रोकी गई तो अंदर बैठे अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इससे एक गोली एसीपी पंकज को जबकि दूसरी गोली सब इंस्पेक्टर प्रियंका की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। उधर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और बदमाशों के पैर पर गोली चला उन्हें घायल कर दिया। जब वे गोली से गिरे तो पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।

इस दौरान पुलिस द्वारा चार राउंड फायर हुए। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और एक कार जब्त की है। अब सोशल मीडिया पर सभी इस जबांज इंस्पेक्टर प्रियंका की तारीफ़ों के पूल बांध रहे हैं। इस जाबाज़ पुलिसवाली को हमारा भी दिल से सलाम है।

Back to top button