बॉलीवुड

तेज तर्रार विलेन के रोल में टीवी की इन संस्कारी बहुओं ने ढाया कहर, खूब पिलाया सासू मां को पानी

टीवी पर जो धारावाहिक प्रसारित होते हैं, उनमें सास-बहू का ड्रामा खूब देखने को मिलता है। आमतौर पर यह देखा जाता है कि सास अपनी बहुओं का जीना हराम कर देती हैं, लेकिन छोटे पर्दे पर कई ऐसी बहुएं देखने को मिली हैं, जिन्होंने अपनी सास को पानी पिला कर रख दिया है। जैसे ही इन्होंने घर में कदम रखे, उसके बाद से तो सास का इन्होंने जीना ही मुहाल कर दिया। यहां हम आपको ऐसी ही विलेन बहुओं के बारे में बता रहे हैं।

रश्मि देसाई

रश्मि देसाई टीवी जगत की एक लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। बिग बॉस 13 से उन्होंने बड़ा नाम कमाया है। उन्हें नागिन 4 में शलाका की भूमिका निभाते हुए देखा गया है। रश्मि देसाई ने इसमें नकारात्मक भूमिका निभाई है। इस सीरियल में शलाका के रूप में वे एक मासूम बहू के तौर पर घर में रहती हैं। हालांकि, अंत में विशाखा के साथ मिलकर अपने ससुराल में पति से जुड़े सभी लोगों को वे खत्म कर देती हैं।

हिना खान

कसौटी जिंदगी की 2 में हिना खान ने कोमोलिका की भूमिका निभाई थी। कोमोलिका के रूप में हिना खान ने अनुराग के पूरे परिवार को अपनी उंगलियों पर नचा कर दिखाया था। हिना खान ने विलेन का किरदार इतने जबरदस्त तरीके से निभाया कि लोग उन्हें रियल लाइफ में भी विलेन समझने लगे थे।

चाहत खन्ना

टीवी अभिनेत्री चाहत खन्ना भी किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। कई टीवी शोज में उन्हें विलेन की भूमिका में देखा जा चुका है। टीवी सीरियल बड़े अच्छे लगते हैं में उन्होंने ऐसा निगेटिव किरदार निभाया था कि हर कोई उनकी तारीफ करते नहीं थक रहा था। बीते दिनों चाहत खन्ना अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी सुर्खियों में थीं। उन्होंने अपने पति पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाये थे, जिसके बाद वे अलग रहने लगी थीं।

अदा खान

टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक अदा खान ने विलेन की भूमिका में अपने अभिनय का लोहा मनवा लिया है। उन्हें एक बुरी बहू की भूमिका नागिन 2 में निभाते हुए देखा गया था। अदा खान ने नागिन 2 में काली नागिन का किरदार निभाया था, जो कि यामिनी के बेटे से शादी कर लेती है। इसके बाद तो अदा खान ने अपनी सास को इस धारावाहिक में इतना परेशान किया था कि देखने वालों के दिल में भी खौफ पैदा होने लगा था।

आम्रपाली गुप्ता

आम्रपाली गुप्ता भी टीवी की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम हैं। कुछ वक्त पहले उन्हें धारावाहिक बहू बेगम में विलेन की भूमिका निभाते हुए देखा गया था। उनकी भूमिका तो हर किसी ने पसंद किया था। इसमें वे बहू का किरदार निभा रही थीं। हालांकि, जिस तरीके से वे हर दिन परिवार में नई-नई चालें चल रही थीं, उसकी वजह से उनके ससुराल में हर किसी का जीना दुश्वार हो गया था।

काम्या पंजाबी

काम्या पंजाबी टीवी जगत की एक मशहूर अभिनेत्री हैं। इन्हें धारावाहिक बनू मैं तेरी दुल्हन में एक खराब बहू की भूमिका निभाते हुए देखा गया था। सीरियल में उन्होंने एक शातिर बहू के तौर पर ससुराल में हर किसी को बहुत परेशान किया था। इसी सीरियल में काम्या पंजाबी आगे चलकर सासू मां की भूमिका में भी दिखी थीं। जिस तरह से काम्या पंजाबी ने इस सीरियल में विलेन की भूमिका निभाई, उसकी वजह से आज भी दर्शक उन्हें याद करते हैं। साथ ही शक्ति अस्तित्व के एहसास की और अन्य कई टीवी शोज में काम्या पंजाबी को वैम्प की भूमिका लाजवाब तरीके से निभाते हुए देखा जा चुका है।

स्मृति खन्ना

स्मृति खन्ना भी टीवी जगत की एक जानी-मानी अभिनेत्री हैं। धारावाहिक मेरी आशिकी तुमसे ही में उन्होंने जबरदस्त तरीके से अपने नेगेटिव किरदार को निभाया था। इस सीरियल में उन्हें एक साइको लड़की की भूमिका निभाते हुए देखा गया था। धारावाहिक में यह देखने के लिए मिला था कि अपने बच्चे के लिए किस हद तक गिरने के लिए वे तैयार रहती हैं।

आमना शरीफ

हिना खान जब कसौटी जिंदगी की 2 से अलग हो गईं तो इसके बाद इसमें कोमोलिका का किरदार निभाने का अवसर आमना शरीफ को मिल गया। आमना ने भी एक विलेन बहू के रूप में जबरदस्त तरीके से इस भूमिका को निभाया है। कोमोलिका की भूमिका में आमना शरीफ ने इस सीरियल में घर के सभी लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। शो में देखा जाता है कि अनुराग को पाने के लिए कोई-न-कोई नई चाल वे चलती ही रहती हैं।

अनीता हसनंदानी

कई टीवी शोज में अनीता हसनंदानी को वैम्प की भूमिका अदा करते हुए देखा जा चुका है। अनीता हसनंदानी जब धारावाहिक ये है मोहब्बतें में नजर आ रही थीं तो उन्होंने अपने ससुराल वालों को खूब पानी पिलाया था। इसके बाद नागिन 3 में जब अनीता हसनंदानी को विशाखा की भूमिका मिली थी, तो यहां भी विलेन के रूप में उन्होंने अपने ससुराल वालों के छक्के छुड़ा कर रख दिए थे। उन्होंने तो इस धारावाहिक में अपने पति और अपनी सास को मौत के घाट तक उतार दिया था।

पढ़ें अनीता डोंगेरे: किराया ना देने पर मकान मालिक ने निकाल दिया था घर से, अब हैं 800 करोड़ की मालकिन

Back to top button