बॉलीवुड

आउटसाइडर्स होने का इन सितारों ने भुगता खामियाजा, हिट फिल्में देकर भी इंडस्ट्री से हुए दूर

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने जब से आत्महत्या की है, तब से फिल्म इंडस्ट्री में इंसाइडर बनाम आउटसाइडर को लेकर बहस चल रही है। बॉलीवुड में ऐसे कई आउटसाइडर कलाकार हैं, जिन्होंने फिल्मी दुनिया में कुछ हद तक नाम तो कमाया, लेकिन कई हिट फिल्में देने के बावजूद फिल्म इंडस्ट्री ने उन्हें नहीं अपनाया। ऐसे में इन्हें फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो जाना पड़ा। यहां हम आपको ऐसे ही सितारों के बारे में बता रहे हैं।

तनुश्री दत्ता

बॉलीवुड में मी टू अभियान की शुरुआत करने वालीं तनुश्री दत्ता की पहली ही फिल्म सुपरहिट रही थी। उनकी इस फिल्म का नाम था आशिक बनाया आपने। इसमें वे इमरान हाशमी के साथ नजर आई थीं। पहली फिल्म हिट होने के बावजूद फिल्म इंडस्ट्री में तनुश्री दत्ता को बड़े पापड़ बेलने पड़े थे।

मूल रूप से झारखंड की रहने वालीं तनुश्री दत्ता को चॉकलेट, रिस्क, अपार्टमेंट, सास बहू और सेंसेक्स, ढोल और गुड बॉय बैड बॉय में देखा गया था। वर्ष 2008 में वे फिल्म हॉर्न ओके प्लीज की शूटिंग नाना पाटेकर के साथ कर रही थीं। उनके मुताबिक यहां नाना पाटेकर ने उनसे छेड़छाड़ की थी। तनुश्री दत्ता ने इसके बाद फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया था।

भूमिका चावला

भूमिका चावला की भी पहली ही फिल्म सुपरहिट रही थी। सलमान खान के साथ वे अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म तेरे नाम में 2003 में नजर आई थीं। उनकी अदाकारी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद 2004 में वे अभिषेक बच्चन के साथ फिल्म रन में नजर आई थीं।

हालांकि, बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री भूमिका चावला को अपना नहीं सकी। ऐसे में वे दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की ओर मुड़ गई थीं। लंबे अरसे के बाद उन्हें सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी में देखा गया था। इस फिल्म में उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की बहन का किरदार निभाया था।

विवेक मुशरान

विवेक मुशरान के फिल्मी करियर की पहली फिल्म सौदागर थी। यह फिल्म 1991 में आई थी। विवेक की यह पहली ही फिल्म सुपरहिट रही थी। विवेक ने इसके बाद सातवां आसमान, राम जाने जैसी फिल्में कीं। हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री में वे ज्यादा दिनों तक नहीं चल सके। धीरे-धीरे विवेक मुशरान को फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो जाना पड़ा।

रॉनित रॉय

रॉनित रॉय भले ही टीवी पर ज्यादा नजर आते हैं, लेकिन उनके करियर की शुरुआत तो बॉलीवुड से ही हुई थी। उनकी पहली ही फिल्म जान तेरे नाम ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। फिर भी आउटसाइडर होने के कारण फिल्मों में रॉनित रॉय को ज्यादा काम नहीं मिल सका।

रॉनित रॉय की वर्ष 2010 में उड़ान को बड़ी सराहना मिली थी। फिर भी रॉनित रॉय को बॉलीवुड में ज्यादा काम नहीं मिल पाया। छोटी-मोटी भूमिकाओं में वे फिल्म लवयात्री, बॉस, 2 स्टेट्स, मशीन, लखनऊ सेंट्रल, स्टूडेंट ऑफ द ईयर, शूटआउट एट वडाला और अगली आदि में नजर आते रहे।

राहुल रॉय

बॉलीवुड अभिनेता राहुल रॉय की डेब्यू फिल्म आशिकी सुपरहिट रही थी। राहुल रॉय को इसके बाद गुमराह, प्यार का साया, हंसते खेलते, फिर तेरी कहानी याद आई, जानम, अचानक, नसीब और गेम आदि फिल्मों में देखा गया। इतने प्रतिभाशाली अभिनेता होने के बावजूद राहुल रॉय को फिल्म इंडस्ट्री में अच्छी फिल्में नहीं मिल सकीं। संघर्ष करते-करते आखिरकार राहुल रॉय फिल्म इंडस्ट्री से दूर होते चले गए।

ग्रेसी सिंह

सही पहचाना आपने। ये वही ग्रेसी सिंह हैं, जो फिल्म लगान और मुन्ना भाई एमबीबीएस जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में दिखी थीं। ग्रेसी सिंह को कुछ और फिल्मों जैसे कि गंगाजल में अनुराधा के किरदार में, अरमान में डॉक्टर नेहा माथुर की भूमिका में और हम आपके दिल में रहते हैं में माया की भूमिका में देखा गया था। फिर भी ग्रेसी सिंह बॉलीवुड में ज्यादा लंबे समय तक टिक नहीं सकीं। आउटसाइडर होने की वजह से उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से बाहर का रुख करना पड़ा।

प्राची देसाई

फिल्म रॉक ऑन में प्राची देसाई दिखी थीं। वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई और बोल बच्चन में भी उन्हें देखा गया। क्रिटिक्स तक ने उनकी अदाकारी की तारीफ की। फिर भी प्राची देसाई के लिए बॉलीवुड में टिकना बहुत ही मुश्किल रहा। आखिरकार इस आउटसाइडर कलाकार को फिल्म इंडस्ट्री से अच्छी फिल्में नहीं मिल पाने के कारण दूर हो जाना पड़ा। प्राची देसाई गोवा पर्यटन की वैसे ब्रांड एंबेसडर हैं।

अनु अग्रवाल

फिल्म इंडस्ट्री में अनु अग्रवाल जाना-माना चेहरा बन गई थीं, जब उनकी फिल्म आशिकी सुपरहिट हुई थी। यह महेश भट्ट की फिल्म थी, जो 1990 में रिलीज हुई थी। अनु अग्रवाल बाद में दुर्घटना का शिकार हो गई थीं। काफी कोशिश करने के बाद भी दोबारा फिल्म इंडस्ट्री में अनु अग्रवाल के लिए जगह बनाना मुश्किल हो गया।

पढ़ें इस स्टार खिलाड़ी के साथ रिलेशनशिप में हैं सिंघम गर्ल काजल अग्रवाल, जल्द ही बज सकती है शहनाई

Back to top button