बॉलीवुड

अब करीना कपूर के पीछे पड़ी कंगना रनौत, सालों पुराना वीडियो शेयर कर बेबो का उड़ाया मजाक

युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से ही बॉलीवुड दो धड़ो में बंट चुका है। दरअसल, सुशांत की मौत ने बॉलीवुड में एक नई बहस को जन्म दे दिया, जिसको लेकर कलाकार एक दूसरे के आमने सामने हैं। इस कड़ी में सबसे ज्यादा सक्रिय कंगना रनौत है। जी हां, कंगना रनौत सुशांत की मौत के लिए बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों को जिम्मेदार ठहरा रही हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने अब करीना कपूर को भी इस मामले में घसीटा है, जिसको लेकर उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है। साथ ही फैंस को एक नसीहत भी दे डाली है। तो चलिए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है?

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड को मर्डर ठहरा चुकी हैं, जिसके लिए उन्होंने बॉलीवुड की कई नामी हस्तियों का नाम लिया है। खैर, इस मामले में सक्रिय कंगना रनौत किसी भी कीमत पर पीछे हटती नहीं दिखाई दे रही हैं, बल्कि जैसे ही उन्हें मौका मिल रहा है, वैसे ही वो चौका मार रही हैं। ऐसे में, अब उन्होंने करीना कपूर का एक वीडियो शेयर किया है। साथ ही सुशांत सिंह राजपूत का भी एक वीडियो साझा किया है। दरअसल, कंगना रनौत इस वीडियो के जरिये करीना कपूर के आईक्यू का मजाक उड़ा रही हैं।

वीडियो में क्या है? देखिये

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें एक तरफ करीना कपूर नजर आ रही हैं, तो दूसरी तरफ सुशांत सिंह राजपूत। दरअसल, इस वीडियो में एक पत्रकार करीना कपूर से मंगल ग्रह के बारे में पूछता है तो करीना ट्रांसलेट करने लगती हैं। वहीं दूसरी तरफ सुशांत सिंह राजपूत अपने घर में रखे टेलिस्कोप के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं।

इस वीडियो के सहारे यह संदेश दिया जा रहा है कि अपने आइडियल दिमाग से चुने। दरअसल, करीना कपूर का इस वीडियो के जरिए मजाक उड़ाया जा रहा है, तो वही सुशांत सिंह राजपूत के आईक्यू की तारीफ की जा रही है। मतलब साफ है कि अगर आप किसी को अपना आइडियल मानते हैं, तो आपको सामने वाले के बुद्धिमानी को देखते हुए अपना आइडियल चुनना चाहिए। बता दें कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसे सुशांत सिंह राजपूत के फैंस लाइक और शेयर करते नहीं थक रहे हैं।

सुशांत को बहुत अपमानित किया जाता था- कंगना रनौत

एक इंटरव्यू में कंगना अंकिता लोखंडे से हुई बातचीत का जिक्र करती हैं। कंगना के अनुसार, अंकिता ने बताया कि सुशांत को बहुत अपमानित किया जाता था, जो वो सह नहीं सके। साथ ही उन्होंने कहा कि सुशांत को अपनी छवि की बहुत फिक्र थी। ऐसे में, जब उनकी छवि पर सवाल खड़े होने लगे तो वे बर्दाश्त नहीं कर पाए। याद दिला दें कि सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फ़िल्म दिल बेचारा हॉटस्टार पर रिलीज हो चुकी है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

Back to top button