बॉलीवुड

बेटी सोनाक्षी का उड़ा मज़ाक तो शत्रुघ्न सिन्हा ने सुशांत को लेकर कह दी यह बड़ी बात

बॉलीवुड के बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या करके इस दुनिया से चले गए। उसके बाद से बॉलीवुड में नेपोटिज्म और फेवरेटिज्म को लेकर खूब बहस हो रही है। सुशांत सिंह राजपूत के फैंस अब तक गुस्से में दिख रहे हैं। इसके कारण सोशल मीडिया में स्टार किड्स लगातार ट्रोल किए जा रहे हैं। आलिया भट्ट से लेकर सोनम कपूर, सोनाक्षी सिन्हा और सारा अली खान के साथ कई स्टार किड्स को आलोचनाएं झेलनी पड़ रही हैं। इसी वजह से अपने टि्वटर अकाउंट को सोनाक्षी सिन्हा ने बंद कर दिया है।

सबसे बड़ी बात है कि सोनाक्षी सिन्हा के पिता शत्रुघ्न सिन्हा जो खुद बिहार से नाता रखते हैं, उन्होंने भी सुशांत सिंह राजपूत को लेकर एक शब्द भी नहीं कहा था। ऐसे में उनकी खामोशी पर भी सवाल उठने लगे थे। हालांकि, जब शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी बेटी सोनाक्षी को सोशल मीडिया में ट्रोल होते हुए देखा तो आखिरकार उन्होंने भी सुशांत सिंह राजपूत को लेकर अपनी राय सभी के सामने रखी है। सुशांत सिंह राजपूत को याद करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने उन्हें बहुत ही होनहार, संस्कारी और प्रतिभा का धनी सितारा बताया है।

वर्ष 2020 में जिन सितारों का निधन हुआ है, उन सभी को शत्रुघ्न सिन्हा ने याद किया है। इरफान खान और ऋषि कपूर को भी शत्रुघ्न सिन्हा ने याद किया। सभी सितारों को उन्होंने श्रद्धांजलि दी। शत्रुघ्न सिन्हा ने इरफान खान को जहां उम्दा कलाकार कहा, वहीं ऋषि कपूर के बारे में उन्होंने कहा कि राज कपूर की आंखों के वे तारे थे।

सुशांत को लेकर कहा

सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर शत्रुघ्न सिन्हा ने अफसोस जताया। उन्होंने कहा कि वे एक बहुत अच्छे परिवार से नाता रखते थे। उनमें भविष्य में काफी कुछ करने की क्षमता थी। वे एक हैंडसम व्यक्ति भी थे। पूरे बिहार को सुशांत पर नाज था। देश-विदेश में सुशांत सिंह राजपूत ने सिर्फ अपने काम और अपने हुनर के दम पर अपनी पहचान बनाई थी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बहुत ही कम उम्र में सुशांत दुनिया छोड़कर चले गए। वे सेल्फ मेड थे। फिर भी देखिए कहां से कहां पहुंच गए और कहां से कहां तक उनमें पहुंचने की काबिलियत थी। उनकी मौत से हमें दुख है। उनकी मौत से हमें धक्का भी लगा है। भला यह कोई उम्र थी चले जाने की? दुख की इस घड़ी में कोरोनावायरस की वजह से सभी की परेशानी और बढ़ गई।

परिवार को हुई दिक्कत

अपने जमाने के इस धुरंधर अभिनेता ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत के परिवार को कोरोना के कारण खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। जब उनका अंतिम संस्कार होना था, तब मुंबई पहुंचने में उनके परिवार को बड़ी परेशानी हुई थी। लॉकडाउन के नियमों के कारण उनके परिवार वाले सुशांत सिंह राजपूत के पार्थिव शरीर को घर तक भी नहीं ले जा सके थे। मुंबई में ही उन्हें सुशांत का अंतिम संस्कार करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या करने के बाद सोशल मीडिया में शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी और बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को भी जमकर ट्रोल किया जा रहा था। ऐसे में उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट को ही बंद कर दिया था।

सीबीआई जांच की मांग

सुशांत सिंह राजपूत

सुशांत सिंह राजपूत की मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी जांच करने में जुटी हुई है। बॉलीवुड की नामचीन हस्तियों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। कंगना रनौत लगातार बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर खुलासे कर रही हैं और उन्हें भी अब पुलिस की ओर से बयान देने के लिए बुला लिया गया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट में सुशांत की मौत को आत्महत्या बताया गया है, लेकिन अब भी बहुत से लोग इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

पढ़ें ‘भुज’ का पोस्टर रिलीज होते ही यूजर्स के निशाने पर आईं सोनाक्षी, फैंस ने अजय देवगन से की ये अपील

Back to top button