बॉलीवुड

अभिषेक से सगाई टूटी तो संजय से हुआ तलाक, देखिए कितनी उलझी रही करिश्मा कपूर की लव लाइफ

बॉलीवुड की जानी-मानी और सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक हैं करिश्मा कपूर। करिश्मा ने अपनी प्रतिभा और अपनी अदाकारी के दम पर अपने करियर में नई ऊंचाइयों को छुआ। आज 25 जून को करिश्मा कपूर अपना 46वां जन्मदिन मना रही हैं।

करिश्मा कपूर की लव लाइफ तो कई बार शुरू हुई, पर उनके कैरियर की तरह यह सफल नहीं हो सकी। अधिकतर लोगों को इस बात की जानकारी है कि करिश्मा कपूर का अपने पति संजय कपूर से तलाक हो गया था, मगर बहुत ही कम लोग जानते हैं कि उनसे पहले अभिषेक बच्चन से करिश्मा कपूर प्यार करती थीं।

जीजू बुलाती थीं करीना कपूर

अभिषेक बच्चन ने जब वर्ष 2000 में फिल्मी दुनिया में डेब्यू किया था, तभी से करिश्मा कपूर की अभिषेक बच्चन से अच्छी दोस्ती हो गई थी। यह भी बताया जाता है कि तब करीना कपूर अभिषेक बच्चन को जीजू तक कहकर बुलाया करती थीं।

वर्ष 2002 में अभिषेक बच्चन के साथ करिश्मा कपूर की सगाई भी हो गई थी। करिश्मा कपूर इस सगाई से बहुत खुश थीं और इसके बाद उन्होंने यहां तक कह दिया था कि इस परिवार का हिस्सा बनकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।

हालांकि, दोनों की शादी तो बहुत दूर की बात थी, कुछ महीनों के बाद ही करिश्मा ने इस सगाई को तोड़ दिया। वैसे यह कभी साफ नहीं हो सका कि आखिर अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर की सगाई क्यों टूटी थी, लेकिन बताया जाता है कि करिश्मा की मां बबीता इसकी वजह थीं।

शंकित थीं बबीता

कहा जाता है कि बबीता अभिषेक बच्चन के करियर को लेकर बड़ी शंकित थीं। यही कारण है कि वे अपनी बेटी का हाथ उनके हाथों में नहीं देना चाहती थीं। बबीता का अपने पति रणधीर कपूर से कभी तलाक नहीं हुआ। फिर भी बबीता ने अलग रहकर खुद से अपनी दोनों बेटियों करिश्मा कपूर और करीना कपूर को पाल-पोस कर बड़ा किया था।

संजय कपूर से शादी

अभिषेक से सगाई टूटने के बाद एक बार फिर से करिश्मा कपूर की जिंदगी में प्यार के फूल खिले। संजय कपूर से उन्हें प्यार हुआ और 29 सितंबर, 2003 को इन दोनों की शादी भी हो गई।

हालांकि संजय कपूर के साथ भी करिश्मा कपूर का रिश्ता का ठीक से नहीं चल पाया और यह विवादों से भरा रहा। महज सात वर्षों के बाद ये दोनों अलग हो गए। दोनों के बीच की जंग यहीं नहीं रुकी। करिश्मा कपूर ने अदालत में बच्चों की कस्टडी के लिए मुकदमा लड़ा। आखिरकार फैसला करिश्मा के हक में आया और उन्हें बच्चों की कस्टडी मिल गई। वर्ष 2016 में दोनों का तलाक हो गया।

संजय कपूर के साथ करिश्मा कपूर का रिश्ता इतना अधिक बिगड़ गया था कि संजय कपूर ने तो एक बार यहां तक कह दिया था कि शादी के 11 साल बाद भी करिश्मा कपूर न तो एक अच्छी पत्नी बन पाईं, न ही एक अच्छी बहू और न ही एक अच्छी मां।

करिश्मा कपूर वर्तमान में अपनी बेटी समायरा और बेटे कियान के साथ रह रही हैं। संजय कपूर दूसरी शादी रचा कर अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए हैं।

21 जून, 1991 को प्रेम कैदी से डेब्यू करने वालीं करिश्मा की प्रमुख फिल्में जिगर, अनाड़ी, साजन, जीत, राजा बाबू, कुली नंबर 1, साजन चले ससुराल, अंदाज अपना अपना, दिल तो पागल है, बीवी नंबर 1, हम साथ- साथ हैं, राजा हिंदुस्तानी, फिजा, जुबैदा और डेंजरस इश्क आदि रही हैं।

पढ़ें करीना के लिए दो बच्चों के बाप सैफ से शादी करना नहीं था आसान, लेकिन इस वजह से करनी पड़ी थी शादी

यह भी पढ़ें कभी शाहिद के लिए करीना ने किया था खुल्लमखुल्ला प्यार का इजहार, फिर क्यों अचानक हुआ ब्रेकअप?

Back to top button