बॉलीवुड

बिहार की मदद के लिए आगे आए अमिताभ बच्चन, दिया इतने लाख रुपये का चेक

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन न सिर्फ अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं, बल्कि दरियादिली के लिए भी लोगों के बीच उनकी चर्चा होती है। अमिताभ बच्चन अक्सर किसी न किसी रुप में लोगों की मदद करते हुए नज़र आते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने बिहार में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की है, जिसके लिए ही उनकी छवि जानी जाती है। जी हां, अमिताभ बच्चन को जितना अच्छा आपने पर्दे पर देखा है, उतने ही ज्यादा दरियादिल वे रियल लाइफ में भी है, जिसके कई उदाहरण हम सबके बीच मौजूद हैं।

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन न सिर्फ खुद दूसरों की मदद करते हैं, बल्कि वे लोगों से भी दूसरों की मदद करने का अनुरोध करते हैं। हाल ही में उन्होंने बिहार के बाढ़ पीड़ितो के लिए मदद की गुहार लगाई है, लेकिन इससे पहले उन्होंने खुद आगे बढ़कर मदद की। याद दिला दें कि बिहार इन दिनों बाढ़ में डूबा हुआ है। हालांकि, अभी स्थिति थोड़ी सामान्य हो रही है, लेकिन फिर भी अभी जीवन पटरी पर नहीं लौटी है और लोगों के पास न खाने के लिए खाना है और न ही पीने के लिए पानी है, जिसकी वजह से सभी को उनकी मदद करनी चाहिए।

बिहार के लिए आगे आए अमिताभ बच्चन

सदी के महानायक के रुप में मशहूर अमिताभ बच्चन ने बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये का चेक दिया है, जिसकी जानकारी खुद वहां के उप मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके दिया। जी हां, सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि सुप्रसिद्ध कलाकार अमिताभ बच्चन ने बिहार त्रासदी के लिए 51 लाख रुपये का चेक भिजवाया है, जिसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। बता दें कि आप भी मुख्यमंत्री राहत कोष में बिहार की मदद कर सकते हैं।

बाढ़ पीड़ितों के लिए अमिताभ बच्चन का खत

बीते 4 अक्टूबर को अमिताभ बच्चन ने एक खत भी नीतीश कुमार को लिखा था, जिसमें उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के दुख को समझते हुए भावुकतापूर्वक बात लिखी थी। इस खत को पढ़ने वाले हर शख्स के आंखों में आंसू आ गए थे। इसमें अमिताभ बच्चन ने लिखा था कि वे त्रासदी को मिटा नहीं सकते हैं, लेकिन उसके लिए छोटी सी मदद कर रहे हैं, जिससे त्रासदी के शिकार हुए लोगों को थोड़ी सी राहत मिल सकती है। इसके साथ ही उन्होंने अपना चेक भी भिजवाया था।

बाढ़ के बाद बीमारी के चपेट में बिहार

अभी बाढ़ से पूरी तरह से छुटकारा नहीं मिल पाया कि बीमारियों ने भी बिहार में धावा बोल दिया। जी हां, बिहार में इन दिनों चिकनगुनिया और डेंगू जैसी बीमारियां तेज़ी से फैल चुकी है। इसके चपेट में अभी तक 900 लोगों के आने की खबर है। बता दें कि बाढ़ से अभी तक 167 लोगों की जाने जा चुकी हैं, ऐसे में यह बड़ी त्रासदी के रुप में देखी जा रही है। बिहार सरकार ने लोगों से अपील किया कि लोग बिहार के लोगों की खुलकर मदद करें।

Back to top button