समाचार

इसरो के ‘लैंडर विक्रम’ से नागपुर पुलिस ने पूछा- ‘कहां हो…चालान नहीं काटेंगे’, फिर जो हुआ…

पूरा भारत शुक्रवार की देर रात इसरो के लैंडर विक्रम का चांद पर उतरने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था, लेकिन ठीक 2.1 किलोमीटर पहले ही संपर्क टूट गया। संपर्क टूटने की वजह से लैंडर विक्रम की जानकारी इसरो को नहीं मिल पाई थी, लेकिन अब उसे खोज लिया गया है, लेकिन संपर्क अभी भी नहीं हो पाया है। इसी बीच हर कोई लैंडर विक्रम को लेकर अपनी राय रख रहा है, जिस पर नागपुर पुलिस ने भी अपनी राय व्यक्त की है। जी हां, नागपुर पुलिस द्वारा इसरो के लैंडर विक्रम को लेकर ट्वीट किया गया है, जिसके बाद लोगों की मजेदार प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

चंद्रमा की सतह पर पहुंचने से ठीक पहले ही लैंडर विक्रम का इसरो से संपर्क टूट गया था, जिसकी वजह से इसरो चीफ सिवान की आंखों में आंसू आ गए थे, लेकिन अब मामला सुधरता हुआ नज़र आ रहा है। दरअसल, इसरो ने 35 घंटे के अंदर ही लैंडर विक्रम को खोज निकाला और अब संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। इस पूरे प्रकरण को लेकर नागपुर पुलिस के आधिकारिक ट्विटर एकाउंट से एक ट्वीट किया गया है, जिसमें लैंडर विक्रम के सामने आने की बात कही गई है।

नागपुर पुलिस ने किया ये ट्वीट

इसरो के लैंडर विक्रम को लेकर नागपुर पुलिस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि प्रिय विक्रम, कृपया जवाब दो, सिग्‍नल तोड़ने के लिए हम आपका चालान नहीं काटेंगे। नागपुर पुलिस द्वारा ये ट्वीट करते ही लोगों को इस पर हंसी आने लगी और लोग अपने ही अंदाज में तरह तरह रिप्लाई दे रहे हैं। दरअसल, इन दिनों देश में चालान और लैंडर विक्रम की ही बात हो रही है, जिसकी वजह से नागपुर पुलिस ने दोनों को जोड़ कर एक मेजदार ट्वीट किया, जोकि यूजर्स को भी खूब पसंद आया।

चांद पर पुलिस

नागपुर पुलिस द्वारा किए गए ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर यह ट्वीट छा गया और हर कोई इसे लेकर अपनी राय व्यक्त कर रहा है। एक यूजर ने लिखा कि हमें पता है कि नागपुर पुलिस चांद पर भी है, जिसकी वजह लैंडर विक्रम छिपकर बैठा है। वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि अरे भई नियम तो नियम होता है, फिर चाहे वह लैंडर विक्रम ही क्यों न हो। कुल मिलाकर सोशल मीडिया पर इस ट्वीट पर लोग हंसी मजाक कर रहे हैं और इसे केवल मनोरंजन की दृष्टि से देखा जा रहा है।

लैंडर विक्रम का पता चल गया

रविवार को इसरो ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा था कि ऑर्बिटर द्वारा हमें लैंडर विक्रम की कुछ तस्वीरें मिली है, जिसमें वह पूरी तरह से सुरक्षित नज़र आ रहा है। मतलब साफ है कि इसरो को लैंडर विक्रम का पता चल गया है। हालांकि, इसरो ने यह भी साफ किया कि अभी उससे संपर्क नहीं हो पाया है, लेकिन हम उससे संपर्क करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि लैंडर विक्रम से जल्द संपर्क हो और हम जल्द चांद को छू सकें।

Back to top button