स्वास्थ्य

पेट फूलने की समस्या से निजात पाने के लिए करें ये काम, तुरंत दिखेगा पेट पर असर

बढ़ती आयु के साथ लोगों को अक्सर पेट फूलने की परेशानी होने लगती है और इस वजह से उनके पेट में दर्द भी होने लगता है। पेट फूलना एक बीमारी होती है जिसे अंग्रेजी भाषा में ब्लोटिंग (Bloating) कहा जाता है। बार बार पेट फूलने से आपको अन्य तरह की गंभीर बीमारियां भी लग सकती हैं। इसलिए अगर आपका पेट फूल जाता है तो आप इसे नजरअंदाज ना करें और तुरंत इसका इलाज करवाएं। आप घरेलू उपायों की मदद से भी इस समस्या से राहत पा सकते हैं।

आखिर क्यों पेट फूलता है

पेट में गैस बनना, किसी खाने से एलर्जी होना, कब्ज की समस्या, अधिक तला हुआ और मसाले वाला खाना खाना और इत्यादि तरह के कारणों के चलते पेट फूल जाता है। पेट फूलने से हमारे पाचन तंत्र को काफी हानि पहुंचती है और पेट से संबंधित अन्य बीमारी होने का भी खतरा बढ़ जाता है।

पेट फूलने पर आजमाएं ये घरेलू उपाय

अजवायन का सेवन करें-

पेट फूलने की समस्या से परेशान लोग खाना खाने के बाद अजवायन का सेवन करें। आप अजवायन को नमक के साथ मिलाकर खा लें और फिर ऊपर से गुनगुना पानी पी लें। अजवायन खाने से पेट में गैस की समस्या नहीं होगी और ऐसा होने से आपका पेट नहीं फूलेगा। साथ में ही आपका पाचन तंत्र भी सही हो जाएगा।

तुलसी

पेट की सेहत के लिए तुसली को काफी लाभदायक माना जाता है और तुलसी का सेवन करने से पेट से जुड़ी कई सारी समस्याओं को खत्म किया जा सकता है। पेट फूलने पर तुलसी के 4-5 पत्तों का सेवन कर लिया जाए तो पेट एकदम सही हो जाता है और आपको पेट फूलने की समस्या से निजात मिल जाती है।

सौंफ का सेवन करें

एक कप गर्म पानी में आप एक चम्मच सौंफ को डाल दें और इस पानी को थोड़ा ठंडा होने के लिए रख दें। जब ये पानी ठंडा हो जाए तब आप इसे छान लें और इस पानी को पी लें। दिन में दो बार इस पानी को पीने से आपके पेट में गैस नहीं बनेगी। दरअसल सौंफ में एंटी माइक्रोबियल मौजूद होता है जो कि पेट में गैस को बनने से रोकते हैं।

टहलने जाएं या योगा करें

जो लोग कसरत और योगा करते हैं उनको पेट फूलने की समस्या नहीं होती है। योग और कसरत करने से पेट की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और पेट में गैस और कब्ज नहीं बन पाती है। वहीं अगर आप योगा और कसरत करना पसंद नहीं करते हैं तो रोज टहलने शुरू कर दें। रोजाना टहलने से  पेट से गैस नहीं बनती है जिसके चलते पेट नहीं फूलता है।

कद्दू की सब्जी खाएं

कद्दू की सब्जी का सेवन करने से आपको खाना आसानी से पच जाता है। क्योंकि इस सब्जी के अंदर विटामिन ई और पोटाशियम भरपूर मात्रा में होता हैं और ये  पाचन तंत्र को सही से कार्य करने में मदद करते हैं। अगर आपका पाचन तंत्र कमजोर है तो आप हफ्ते में कम से कम तीन बार  कद्दू का सेवन करें।

फाइबर युक्त खाना खाएं

आप फाइबर युक्त खाने का सेवन करें क्योंकि फाइबर पेट के लिए काफी अच्छा होता है। फाइबर युक्त खाने का सेवन करने से पेट में गैस भी नहीं बन पाती है और ना ही पेट फूलता है। आप अपनी डाइट में केले, संतरे, सेब, आम, फलियां, रोटी, हरी सब्जी और दाल जैसी फाइबर वाली चीजों का शामिल कर लें। हालांकि आप केवल संतुलित मात्रा में ही फाइबर युक्त खाने का सेवन करें। क्योंकि अधिक मात्रा में फाइबर का सेवन करने से पेट पर बुरा प्रभाव डल सकता है।

इन बातों का रखें ध्यान

जिन लोगों को गैस की समस्या रहती है और उनका पेट फूलता है वो लोग सोडा और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन ना करें क्योंकि इनके अंदर गैस होती है, जिसके चलते पेट फूल जाता है। इसी तरह से आप तीखा खाना भी ना खाएं। वहीं ओटमील जिसमें उच्च मात्रा में फाइबर पाया जाता है आप उसका सेवन भी अधिक ना करें।क्यों इसको खाने से पेट में गैस और कब्ज की  समस्या हो सकती है।

Back to top button