बॉलीवुड

इन साउथ इंडियन एक्टर्स ने धूमधाम से की सगाई, पर शादी होते-होते टूट गया रिश्ता

शादी किसी की भी जिंदगी में सबसे खूबसूरत रिश्ता होता है। यह एक ऐसा रिश्ता है, जिसमें पार्टनर के बीच विश्वास सबसे बड़ी चीज होती है। भले ही परिस्थितियां जैसी भी हों, दोनों एक-दूसरे के लिए हमेशा खड़े रहते हैं। फिर भी कई बार रिश्ते में दरार आ जाती है। कुछ रिश्ते शादी के बाद तलाक के रूप में टूट जाते हैं तो कुछ रिश्ते ऐसे भी होते हैं, जो सगाई का रूप तो जरूर लेते हैं, लेकिन शादी से पहले ही टूट जाते हैं। यहां हम आपको कुछ ऐसे दक्षिण भारतीय फिल्मी सितारों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी सगाई तो बड़ी धूमधाम से हुई थी, लेकिन इनका रिश्ता शादी की दहलीज तक पहुंच ही नहीं सका। इससे पहले ही रिश्ते ने दम तोड़ दिया और दोनों अलग हो गये।

रश्मिका मंदाना एवं रक्षित शेट्टी

साल 2017 में दक्षिण भारत की लोकप्रिय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की सगाई रक्षित शेट्टी से हुई थी। इस सगाई की तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं। इसे देखकर साफ पता चल रहा था कि सगाई बड़े धूमधाम से हुई है और दोनों इससे बहुत खुश भी हैं। अब जब इनके प्रशंसक इनकी शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, तो अचानक से उन्हें एक साल बाद 2018 में इनकी सगाई के टूटने की खबर सामने आ गई। कन्नड़ फिल्म किरिक पार्टी में दोनों ने साथ में काम किया था। बताया जाता है कि दोनों के परिवार वालों की वजह से उनकी सगाई टूटी थी।

अखिल अक्किनेनी एवं श्रेया भूपाल

अखिल अक्किनेनी, जो कि दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार नागार्जुन के बेटे हैं, मशहूर फैशन डिजाइनर श्रेया भूपाल से उनकी सगाई वर्ष 2017 में हुई थी। इनकी शादी को लेकर बताया जा रहा था कि दोनों इटली में शादी करेंगे। शादी की बड़े पैमाने पर तैयारी भी शुरू हो गई थी। फिर अचानक से पता चला कि दोनों के रास्ते जुदा हो गये हैं। बताया जाता है कि सगाई के केवल कुछ ही महीने बीतने के बाद दोनों किसी मुद्दे पर एक-दूसरे से भिड़ गये थे। लड़ाई दोनों के बीच इस कदर बढ़ गई कि दोनों ने अलग होने का निर्णय ले लिया। यह सगाई शादी तक पहुंच ही नहीं सकी। बाद में एक व्यापारी से श्रेया भूपाल की शादी हो गई थी।

सनम शेट्टी एवं थरशन थियागराजा

थरशन थियागराजा तमिल फिल्मों का जाना-माना चेहरा हैं। उन्होंने बिग बाॅस तमिल सीजन 3 में हिस्सा लिया था। दक्षिण भारतीय अभिनेत्री सनम शेट्टी से थरशन प्यार करते थे। उन्होंने अपने इस रिश्ते पर मुहर लगाते हुए शो में जाने से पहले उनसे सगाई कर ली थी। जब शो खत्म हुआ तो पता चला कि दोनों की सगाई टूट गई है। सनम शेट्टी की ओर से थरशन पर उत्पीड़न का आरोप मढ़ा गया था। हालांकि, थरशन ने इसका साफ तौर पर खंडन किया था और कहा था कि सगाई टूटने की वजह सनम की प्रोफेशनल महत्वकांक्षाएं थीं।

तृषा कृष्णन एवं वरुण मानियन

दक्षिण भारतीय फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री तृषा कृष्णन की राणा दग्गुबाती से ब्रेकअप की खबरों ने बड़ी सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन इस ब्रेकअप के बाद बिना देरी किये वरुण मानियन से तृषा ने न केवल सगाई रचा ली, बल्कि शादी की भी पूरी तैयारी कर ली। बहुत ही कम लोगों की मौजूदगी में यह सगाई हुई थी। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में खूब वायरल हुई थीं। शादी में अब केवल 2 माह का समय बचा था कि अचानक से तृषा ने वरुण से अपनी सगाई तोड़ने का ऐलान कर डाला। इस तरह से शादी की दहलीज तक पहुंचने से पहले केवल तीन माह में ही उनके रिश्ते ने दम तोड़ दिया।

विशाल एवं अनीशा अल्ला रेड्डी

विशाल विलेन फिल्म के लिए बहुत ही चर्चित रहे हैं। इनकी सगाई अनीशा अल्ला रेड्डी से हुई थी, मगर इनकी सगाई को मुश्किल से 6 माह ही बीते थे कि ऐसी खबरें सामने आने लगीं कि दोनों एक-दूसरे से अलग हो गये हैं। आधिकारिक रूप से इस बारे में दोनों कुछ नहीं कह रहे थे। हालांकि, खबर आग ही तरह जब फैलने लगी तो फिर अनीशा ने इंस्टाग्राम अकाउंट से दोनों की सगाई वाली तस्वीरें हटा दीं। दोनों की शादी चेन्नई में होने की खबरें तब चल रही थीं। इस तरह से बिना शादी हुए ही विशाल और अनीशा का रिश्ता टूट गया। फिल्म अर्जुन रेड्डी में अनीशा अल्ला रेड्डी की भूमिका की बड़ी तारीफ हुई थी।

पढ़ें विराट-हार्दिक के नक्शेकदम पर चल पड़ा है टीम इंडिया का ये क्रिकेटर, करेगा ‘देवसेना’ के साथ शादी

Back to top button