समाचार

नदी के ऊपर चली बूढ़ी महिला, चमत्कार-चमत्कार चिल्लाने लगे लोग, बोले यह तो साक्षात मां नर्मदा है..

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक बड़ा अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां ग्वारीघाट में नर्मदा नदी के जल पर एक बूढ़ी अम्मा पानी के ऊपर कथित रूप से चलती दिखाई दी। महिला का पानी के ऊपर चलने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे देखने के बाद लोगों ने अम्मा को मां नर्मदा का रूप बता दिया। भक्त बड़ी संख्या में उनके दर्शन करने आने लगे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि उसे काबू करने पुलिस को आना पड़ा। लेकिन जब इस वीडियो की सच्चाई सामने आई तो सभी दंग रह गए।

नदी के ऊपर चली महिला, लोग माने लगे नर्मदा का रूप

नर्मदा नदी के ऊपर कथित रूप से चलने वाली इस महिला का नाम ज्योतिबाई रघुवंशी बताया जा रहा है। वह होशंगाबाद जिले के कल्लूखापा पिपरिया की रहने वाली हैं। वह बीते कुछ दिनों से तिलवाराघाट और ग्वारीघाट समेत कई घाटों पर भ्रमण कर रही थी। ग्वारीघाट पर वह मां नर्मदा की परिक्रमा करने निकली थी। इस दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया और ये खबर फैला दी कि अम्मा पानी के ऊपर चल सकती हैं। बस फिर क्या था लोग उन्हें मां नर्मदा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा अर्चना करने लगे।

कहा गया कि अम्मा को सिद्धि प्राप्त है। वह लोगों के दुख दर्द भी दूर कर सकती है। पानी पर चल सकती है। लेकिन यह सारी बातें बस अफवाह मात्र निकली। माहिला जब नदी के पानी पर चल रही थी तो उसमें पानी का स्तर बेहद कम था। इसलिए दूर से वीडियो बनाने वाले को ऐसा लगा जैसे वह पानी के ऊपर चल रही है। वहीं खुद महिला ने भी यह बात स्वीकार की कि उसे कोई सिद्धि प्राप्त नहीं है। वह तो बस नर्मदा की परिक्रमा पर निकली थी।

बताया जा रहा है कि अम्मा ज्योतिबाई रघुवंशी मानसिक बीमारी से ग्रसित है। उनके बेटे ने 9 मई 2022 को कल्लूखापा थाना में मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी। बेटे की शिकायत के बाद से ही होशंगाबाद पुलिस महिला की तलाश में जुटी थी। अब महिला के वायरल होने के बाद उसके अपने बेटे से मिलने के चांस बढ़ गए हैं। जबलपुर पुलिस महिला से पूछताछ कर उसे बेटे के पास पहुंचाने की तैयारी कर रही है।


इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर साबित हो गया कि हमे आंख बंदकर किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। किसी भी चीज को चमत्कार मानने से पूर्व उसकी तह तक जाना चाहिए। उसका लॉजिक कारण ढूंढना चाहिए।

Back to top button