समाचार

Chhattisgarh: दंगे में बदली बच्चों की मामूली लड़ाई,2 समुदायों में हुई सांप्रदायिक हिंसा, बिछ गई लाश

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक बुरी खरब आ रही है। यहां बीते शनिवार (8 अप्रैल) को समुदायों के लोगों के बीच झड़प हो गई। यह झड़प जल्द हिंसा में तब्दील हो गई। इसमें एक शख्स की जान चली गई। वहीं पुलिस के जवान और अन्य कुछ लोग घायल हुए। इस दंगे और हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक 11 लोगों को अरेस्ट कर लिया है। लेकिन ये हिंसा आखिर शुरू कैसे हुई? चलिए जानते हैं।

बच्चों की लड़ाई ने दंगों को दी हवा

मामला बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के बीरनपुर गांव का है। यहां शनिवार सुबह दो समुदायों के बच्चों के बीच कथित रूप से झगड़ा हुआ था। यह झगड़ा बेहद मामूली सी बात पर शुरू हुआ था। लेकिन जल्द ये झगड़ा बड़ा हो गया। मामले को बढ़ता देख दोनों समुदायों के बड़े लोग बीच में झगड़ा सुलझाने आए। लेकिन यह सुलझने की बजाय और उलझ गया।

एक शख्स की मौत

दोनों समुदायों के लोग गांव के चौराहे पर एकत्रित हो गए। यहां इनकी बहसबाजी उग्र हो गई और बात हाथापाई पर उतर आई। इस झड़प में ईश्वर साहू (23) नाम का शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसने दम तोड़ दिया। इस मौत ने आग में घी डालने का काम किया। फिर दोनों समुदायों के बीच बदले की आग सुलगी और पूरे गांव में हिंसा और दंगे का माहौल बन गया।

पुलिसकर्मियों पर हुआ पथराव

बेमेतरा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) इंदिरा कल्याण एलेसेला के अनुसार मामले को बिगड़ता देख पुलिस को सूचित किया गया था। पुलिस ने अपने जवान फौरान घटना स्थल पर भेज दिए थे। लेकिन जब पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा तो उनके ऊपर भी हमला कर दिया गया। पुलिस बल पर हुए पथराव के चलते तीन जवान घायल हो गए।

11 लोग हुए अरेस्ट

फिलहाल पुलिस ने गांव में धारा 144 लागू कर दी है। वहीं और पुलिस बल भेजकर स्थिति को काबू में कर लिया गया है। गांव में माहौल अभी भी तनावपूर्ण है। लेकिन स्थिति कंट्रोल में है। पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाई करते हुए दंगा भड़काने और हत्या करने वाले समेत कुल 11 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

किसी ने नहीं सोचा था कि दो बच्चों का मामूली सा झगड़ा इतना बड़ा रूप ले लेगा। बरहाल दंगे से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उधर पुलिस सभी से शांति बनाए रखने और अपने घरों से बाहर न निकलने की अपील कर रही है।

Back to top button