समाचार

दूसरी बार गुजरात के CM बने भूपेंद्र पटेल, मोदी-योगी-शाह के सामने ली शपथ, 16 विधायक बने मंत्री

भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर से गुजरात में अपनी सरकार बना ली है। एक बार फिर से भूपेंद्र पटेल गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई दिग्गजों के सामने भूपेंद्र पटेल ने दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस दौरान मंच से भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन किया।

बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम हाल ही में आए थे। जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल की। भाजपा को गुजरात चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल हुआ। गुजरात में भाजपा का किला भेदने के सपने देख रही आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा। जबकि कांग्रेस को फिर से बहुत बुरी हार का सामना करना पड़ा।

गुजरात में भूपेंद्र पटेल के साथ ही 16 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। 1- कनुभाई देसाई 2- ऋषिकेश पटेल 3- राघवजी पटेल 4- बलवंत सिंह राजपूत 5- कुंवरजी बावलिया 6- मुलुभाई बेरा 7- भानुबेन बाबरियाठ 8- कुबेर डिडोर कैबिनेट मंत्री बनाए गए है। 9- हर्ष सांघवी 10- जगदीश विश्वकर्मा ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। तो वहीं 11- मुकेश पटेल 12- पुरुषोत्तम सोलंकी 13- बच्चू भाई खाबड़ 14- प्रफुल्ल पानसेरिया 15- भीखू सिंह परमार 16- कुंवरजी हलपति ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह गांधीनगर सचिवालय के हेलीपैड ग्राउंड पर हुआ। इसमें भारी मात्रा में भाजपा के समर्थकों की भीड़ मौजूद थी। हजारों लोगों और भाजपा के बड़े-बड़े दिग्गजों के बीच भूपेंद्र पटेल ने दूसरी बार गुजरात की कमान संभाली। पार्टी ने चुनाव से पहले ही उन्हें सीएम उम्मीदवार के रूप में पेश कर दिया था।

मोदी-योगी, शाह-नड्डा-राजनाथ सहित ये दिग्गज हुए शामिल

gujarat

भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा ने गजब का शक्ति प्रदर्शन किया। एक ही मंच पर भारतीय जनता पार्टी के बड़े-बड़े और दिग्गज नेता नजर आए। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, 7 केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री एवं पांच राज्यों के पूर्व सीएम शामिल हुए।

gujarat

शपथ ग्रहण समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के सीएम हेमंत बिस्वा सरमा, नितिन गडकरी, मनसुख मांडविया, पुरुषोत्तम रुपाला आदि ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई।

भाजपा ने जीती 156 सीटें, मिला रिकॉर्ड तोड़ बहुमत

gujarat

गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आए थे। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने वो कर दिखाया जो अब तक गुजरात में किसी पार्टी ने नहीं किया। भाजपा ने 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में 156 सीटें जीतकर नया इतिहास बना दिया। वहीं आम आदमी पार्टी को महज पांच सीटें मिली जबकि कांग्रेस 17 सीटों पर सिमट गई।

Back to top button