बॉलीवुड

रिलीज से पहले लीक हुई Gadar-2 की कहानी, इस बार बेटे को बचाने पाकिस्तान जाएगा तारा सिंह

2001 में सनी देओल और अमीषा पटेल की एक फिल्म आई थी ‘गदर: एक प्रेम कथा’। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपर डुपर हिट रही थी। इस फिल्म की कहानी से लेकर गाने तक सब कुछ लोगों को पसंद आया था। फिल्म ने उस समय के हिसाब से काफी तगड़ी कमाई की थी। फिल्म की कहानी 1947 में हुए भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के समय की थी।

फिल्म में एक भारतीय पंजाबी तारा सिंह (सनी देओल) को पाकिस्तान की लड़की सकीना (अमीषा पटेल) से प्यार हो जाता है। बाद में जब तारा की बीवी और बेटा बिछड़ जाते हैं तो वह उन्हें लेने पाकिस्तान जाता है और अकेले ही सबकी बैंड बजा देता है। अब जल्द ही इस फिल्म का सीक्वल ‘गदर 2’ आ रहा है। ऐसे में दर्शक ये जानने को उत्सुक हैं कि इस गदर के अगले पार्ट की कहानी क्या होगी?

गदर 2 की कहानी हुई लीक

गदर 2 को निर्देशक अनिल शर्मा डायरेक्ट कर रहे हैं। उन्होंने बीते साल दशहरे के मौके पर गदर फिल्म के सीक्वल का ऐलान किया था। इस दौरान उन्होंने फिल्म का एक मोशन पोस्टर भी रिलीज किया था। इसके बाद फिल्म की शूटिंग से जुड़ी कई तस्वीरें भी सामने आई थी। हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर किसी को कोई भनक नहीं थी।

लेकिन अब गदर 2 की कहानी ऑनलाइन लीक हो गई है। एक एंटरटेनमेंट वेबसाइट ने दावा किया है कि गदर-2 की कहानी 1971 में हुई भारत-पाकिस्तान जंग के आसपास घूमेगी। जैसा कि हम जानते हैं गदर के पहले पार्ट की कहानी 1947 के समय (भारत पाकिस्तान बंटवारे) पर आधारित थी। ऐसे में गदर 2 में 1971 (भारत-पाकिस्तान युद्ध) के समय की कहानी देखना दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प होगा।

इस बार बेटे को बचाने पाकिस्तान जाएगा तारा सिंह

गदर 2 में सनी देओल और अमीषा पटेल के साथ उत्कर्ष शर्मा नजर आएंगे। उत्कर्ष वहीं हैं जो गदर 1 में सनी देओल के बेटे बने थे। अब वे बड़े हो गए हैं और गदर 2 में एक फौजी का किरदार निभा रहे हैं। गदर-2 की कहानी के बारे में कहा जा रहा है कि फिल्म में फौजी बने उत्कर्ष जंग के दौरान पाकिस्तान में कैद कर लिए जाएंगे।

इसके बाद तारा सिंह (सनी देओल) अपने बेटे की जान बचाने एक बार फिर से पाकिस्तान जाएंगे। अब वह अपने बेटे को कैसे पाकिस्तान से वापस लाएंगे और वहाँ क्या क्या होगा? बस इसी पर फिल्म की कहानी बनी है। अब देखना ये होगा कि 21 साल बाद जब तारा सिंह और सकीना फिर से सिल्वर स्क्रीन पर लौटेंगे तो उनका पहले जैसा जादू दर्शकों पर चलेगा या नहीं।

अधिकतर इस तरह के सीक्वल से दर्शक निराश ही होते हैं। फिल्म मेकर सेकंड पार्ट को पहले जैसा अच्छा नहीं बना पाते हैं। इसलिए बॉलीवुड की फिल्मों के अधिकतर सीक्वल फ्लॉप ही होते हैं। हालांकि हम अभी से कुछ कह नहीं सकते हैं। फिलहाल दर्शकों के फिल्म के ट्रेलर का इंतजार है। इसके बाद ही फिल्म को लेकर कोई कमेंट की जा सकती है।

Back to top button