समाचार

9 बच्चों के बाप को हुआ 6 बच्चों की मां से प्यार, हरिद्वार में स्नान करने के बहाने घर से भागे

‘प्यार’ इस शब्द के हर किसी के लिए एक अलग ही मायने हैं। कहते हैं प्यार कभी भी, कहीं भी, किसी को भी और किसी से भी हो सकता है। इसके लिए लोग उम्र नहीं देखते हैं। अपने प्यार को हासिल करने के लिए कई लोग जान दे देते हैं तो कुछ जान ले भी लेते हैं। वहीं कुछ घर से भागकर अपने प्यार को नई दिशा देते हैं।

आप ने भी प्रेमी प्रेमिका के कई युवा जोड़ों को घर से भागकर शादी करते हुए देखा होगा। लेकिन आज हम आपको एक ऐसे जोड़े से मिलाने जा रहे हैं जिनके पांव कब्र में लटक रहे हैं लेकिन फिर भी वह घर छोड़कर भाग गए। वह भी हरिद्वार से। तो चलिए इस अजब प्रेम की गजब कहानी को विस्तार से जानते हैं।

9 बच्चों के बाप को हुआ 6 बच्चों की मां से प्यार

यह अनोखी लव स्टोरी उत्तर प्रदेश के अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाले दो बुजुर्ग जोड़े की है। राधेश्याम (बदला हुआ नाम) 9 बच्चों का बाप है। 29 साल पहले उसकी पत्नी का निधन हो गया था। तब से वह अकेले ही जीवन काट रहा है। वहीं कलावती (परिवर्तित नाम) 6 बच्चों की मां है। उसके पति की भी 30 साल पहले मौत हो गई थी। ऐसे में वह भी तब से विधवा बनकर रह रही है।

राधेश्याम और कलावती की प्रेम कहानी 21 साल पहले शुरू हुई थी। तभी से दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि बच्चे, परिवार और समाज की लाज और दबाव के चलते दोनों एक नहीं हो पा रहे थे। लेकिन फिर दोनों ने साथ भागने का ऐसा प्लान बनाया कि हर कोई देखता ही रह गया।

हरिद्वार में स्नान के बहाने घर से भागे

प्रेमी जोड़े के परिजनों ने बताया कि हमारे गांव से 29 जुलाई को अमावस्या के दिन लगभग 15 लोग हरिद्वार गंगा स्नान करने गए थे। इसमें ये बुजुर्ग जोड़ा भी शामिल था। हरिद्वार में गंगा स्नान करने के बाद बाकी लोग गांव लौट आए। लेकिन इस प्रेमी जोड़े ने अपनी नई राह चुन ली। वह लोगों को चकमा देकर रफूचक्कर हो गए।

अब इस बुजुर्ग जोड़े की हरकत पर परिवार वालों को यकीन नहीं हो रहा है। वे हैरान परेशान है। वहीं इनके जवान बेटे व बेटियां समाज में शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं। उनकी गांव में बड़ी बदनामी हो रही है। इस संबंध में गांव में एक पंचायत भी बैठी थी। इसमें फैसला लिया गया कि वे लोग घर से भागे इस बुजुर्ग जोड़े की तलाश करेंगे।

उधर प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ का कहना है कि हमे अभी इस मामले में कोई भी जानकारी नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत दर्ज करता है तो कार्रवाई की जाएगी। वैसे बुजुर्ग जोड़े की इस प्रेम कहानी पर आपके क्या विचार हैं हमे कमेंट कर जरूर बताएं।

Back to top button