समाचार

मॉम भूखा रखती थीं.., पबजी गेम के लिए मां का कत्ल करने वाले बेटे की कहानियां सुन सकते में पिता

लखनऊ में पबजी के लिए अपनी मां का कत्ल करने वाली हाल की ये दूसरी घटना है, इसके पहले पाकिस्तान में भी एक बेटे ने अपनी मां और भाई-बहनों का कत्ल कर दिया था। इंटरनेट गेम्स के लिए बुआ की हत्या करने का मामला भी सामने आ चुका है। लखनऊ की घटना तो बेहद सनसनीखेज है। इसमें बेटे ने अपनी मां का कत्ल करने के बाद अपने पिता को बहकाने के लिए एक से एक किस्से सुनाए। साथ ही पबजी की लत के चलते मां की हत्या करने वाले इस नाबालिग आरोपी को अपने किए पर कोई पछतावा भी नहीं है।

आपको बता दें कि बुधवार को किशोर के पिता आरोपी नाबालिग बेटे से मिलने थाने पहुंचे थे। पिता को सामने देखकर भी किशोर की आंखों में अपने किए पर किसी तरह का पश्चाताप नहीं था। उल्टा वह अपने पिता से मां की शिकायत करता रहा। किशोर ने पिता से यह भी कहा कि आप भी तो ध्यान नहीं देते थे।

बेटे के बर्ताव से पिता हैरान

थाने में किशोर के बर्ताव से हर कोई हैरान था। फौजी पिता पश्चिम बंगाल से बुधवार को लखनऊ पहुंचे थे। घर जाने के बाद वह अपने बेटे से मिलने के लिए पीजीआई थाने में गए। वहां जब उनके बेटे को सामने लाया गया तो उनकी उम्मीद के विपरीत किशोर की आंखों में किसी तरह का अफसोस नहीं दिखा। पिता से उसने कहा कि मां उसे भूखा रखती थी। उसकी पिटाई करती थी और पिता भी इस पर ध्यान नहीं देते थे।

पबजी का लती, क्राइम पेट्रोल का फैन

मां की हत्या करने के बाद आरोपी ने सबसे पहले अपने पिता को ही फोन किया था। टीवी पर क्राइम पेट्रोल देखकर उसने हत्या की कई कहानियां तैयार की थीं। फोन पर पिता से उसने कहा कि मां को बिजली मैकेनिक ने मार दिया है। इस पर पिता ने उससे पूछा कि मैकेनिक ने मार डाला है या फिर तुमने मार डाला है? पुलिस की जांच नें किशोर को लेकर कई तरह की बातें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि पबजी का लती किशोर टीवी पर क्राइम पेट्रोल सीरियल देखा करता था।

टीवी सीरियल से हत्या की कहानी बनाई

टीवी सीरियल देखकर उसने हत्या की कई कहानियां बनाई थीं। उसके फौजी पिता जब घर आते थे, तब अपनी पिस्टल साफ करते थे। इसके बाद वह इसे आलमारी में बंद करके चले जाते थे। किशोर कई दिनों से आलमारी की चाभी तलाश रहा था। इस कोशिश में उसने एक डुप्लीकेट चाभी बनवा ली थी। मां कई दिनों से उसे पबजी खेलने से रोक रही थीं, जिसको लेकर उसमें गुस्सा भरता जा रहा था। एक दिन मां ने उसका फोन छीन लिया था, जिसकी शिकायत उसने अपने नाना से की थी। नाना के कहने पर मां ने फोन उसे लौटा दिया।

कनपटी पर सटाकर मारी गोली

बताया गया कि इस घटना के बाद से ही युवक ने मां की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। फिर एक दिन पबजी के लिए टोकने पर उसने पिता की बंदूक से मां को कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। काफी नजदीक से लगने के कारण गोली खोपड़ी के आर-पार हो गई थी और आसपास की त्वचा भी झुलस गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर गोली चलाना सीखा था।


घटना के बाद सदमें में कुत्ता

गोली की आवाज सुनकर आरोपी की छोटी बहन भागकर कमरे में आई। इसके बाद उसने बहन को गोद में उठाया और दूसरे कमरे में ले जाकर समझाने लगा। बहन शांत नहीं हुई तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने घर के कुत्ते को कमरे से बाहर बांध दिया। तीन दिनों तक कुत्ता वहीं भूखा-प्यासा पड़ा रहा। खाने का सामान सामने रखा होने के बावजूद कुत्ते ने उसे मुंह नहीं लगाया। किशोर के पिता जब घर लौटे तो उन्होंने कुत्ते को कमरे में जाने दिया। काफी समय तक वह वारदात वाले कमरे में मंडराता रहा।

शुरू से शरारती बच्चा है आरोपी

ऑनलाइन गेम का लती होने के अलावा किशोर की अन्य हरकतों से भी सब उससे परेशान थे। वह किसी की बात नहीं सुनता था। किशोर के नाना ने बताया कि वह लोगों से सीधे मुंह बात नहीं करता था। बुरे बर्ताव के कारण कई स्कूलों से उसे बाहर निकाल दिया गया था। एक साल पहले वह किसी बात पर घर छोड़कर भाग गया था। बाद में उसे गोमतीनगर से बरामद किया गया। किशोर की दादी की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा लिखा है।

Back to top button