बॉलीवुड

सामान बांधकर घर वापस जा रही थीं दिव्यांका त्रिपाठी, इस शो ने बदल दी थी टीवी एक्ट्रेस की किस्मत

टीवी की दुनिया भी बॉलीवुड जगत से ज्यादा अलग नहीं है। अगर यहां भी आप हिट हो जाएं तो नाम और शोहरत दोनों मिल जाती है। वहीं बॉलीवुड का रास्ता भी कई बार टीवी की दुनिया से ही खुल जाता है। कई कलाकार ऐसे हैं जिन्होंने टीवी पर खूब नाम कमाया। इसके बाद बॉलीवुड में एंट्री कर वहां भी छा गए।

टीवी जगत में भी काम मिलना आसान नहीं है। कुछ लोग तो संघर्ष से इतना परेशान हो जाते हैं कि घर वापसी का इरादा कर लेते हैं। टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी भी अपना बोरिया बिस्तर समेट चुकी थीं। हालांकि उनकी किस्मत में कुछ और ही लिखा था। एक शो ने उनकी किस्मत ही बदल दी और वो घर-घर में पहचान बनाने में कामयाब हो गईं।

प्रोड्यूसरों ने काम देना ही कर दिया बंद

दिव्यांका त्रिपाठी टीवी की दुनिया की मशहूर अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने टेलीविजन शो में काम पाने के लिए काफी संघर्ष किया था। उन्होंने कई ऑडिशन दिए थे। तब जाकर उनको एक शो मिला जिसका नाम ‘बनूं मैं तेरी दुल्हन’ था। इस शो ने उनकी किस्मत खोलने के साथ ही उनके लिए मुश्किल पैदा कर दी थी।

Divyanka Tripathi

दिव्यांका इस शो में विद्या प्रताप सिंह के किरदार में नजर आईं थीं। शो इतना हिट हुआ कि एक्ट्रेस की टीआरपी बहुत हाई हो गई थी। उनको घर-घर में पहचान भी मिलने लग गई थी। लोग उनको इसी किरदार के नाम से जानने-पहचानने लगे थे। हालांकि शो की वजह से उनको बाद में काम मिलना ही बंद हो गया था।

टाइपकास्ट होने की वजह से नहीं मिला काम

अमूमन ऐसा होता है कि किसी एक्ट्रेस का शो हिट हो जाए तो उसको काम की कमी नहीं रहती है। दिव्यांका के साथ इसका उल्टा हुआ। वो जहां भी ऑडिशन देने जातीं, उनको प्रोड्यूसर काम देने से मना कर देते थे। इसकी वजह उनका टाइपकास्ट होना था। प्रोड्यूसरों का कहना था कि उनको कोई नहीं देखना चाहेगा।

एक्ट्रेस से कहा जाता था कि उनको बनूं मैं तेरी दुल्हन शो में उसी तरह टाइपकास्ट किया गया जैसे तुलसी या पार्वती को किया गया था। किसी भी एक्टर के लिए किरदार का ठप्पा लगना टीवी जगत में अच्छा नहीं माना जाता है। इसके बाद तो दिव्यांका को ऑडिशन में बुलाया जाना ही बंद कर दिया गया था।

लौट रही थीं घर, खुल गई किस्मत

दिव्यांका त्रिपाठी ने इंटरव्यू में बताया कि आप रिजेक्ट तभी होंगे जब आपको ऑडिशन मिलेंगे। उनको तो ऑडिशन ही नहीं मिलते थे। इससे परेशान होकर वो अपने घर भोपाल लौटने जा रही थीं। अचानक उनकी झोली में एक शो आ गया जिसने उनकी किस्मत ही बदल डाली। ये शो ‘ये हैं मोहब्बतें’ था जिसमें वो डॉक्टर बनी थीं।


divyanka tripathi and vivek dahiya

दर्शकों के बीच शो काफी पॉपुलर हो गया और इसमें इशिता का किरदार निभाकर दिव्यांका भी हिट हो गईं। इसके बाद तो इनका करियर ग्राफ ऊपर चढ़ गया। फिर इन्होंने पति विवेक दहिया के साथ ‘नच बलिए 8’ में भाग लिया और शो का खिताब अपने नाम किया। वहीं ‘खतरों के खिलाड़ी 11’ शो की भी उप विजेता दिव्यांका त्रिपाठी ही बनीं।

Back to top button