बॉलीवुड

Wedding Anniversary: शादी के चक्कर में जेल जाने वाले थे जूनियर NTR, गेस्ट के लिए चली थी ट्रेन

साउथ सिनेमा ने अब बॉलीवुड को पीछे छोड़ दिया है। जहां एक ओर बॉलीवुड स्टारों की फिल्में चल ही नहीं पा रही हैं। वहीं दूसरी ओर साउथ स्टार्स अपनी फिल्मों से करोड़ों कमा रहे हैं। वहीं कुछ तेलगू स्टार्स तो पैन इंडिया स्टार्स भी बन चुके हैं। कुछ मशहूर कलाकारों की बात होती है तो जूनियर एनटीआर का नाम जरूर आता है।

जूनियर एनटीआर ने हाल ही में फिल्म आरआरआर में आदिवासी की भूमिका से सबका दिल जीत लिया। उनकी फिल्म करोड़ों रुपये का बिजनेस कर चुकी है। आज यानि 5 मई को उनकी शादी की सालगिरह है। क्या आपको पता है कि शादी के चक्कर में वो जेल जाने वाले थे। चलिए हम उनके विवाह से जुड़े किस्से आपको बताते हैं।

10 साल छोटी लड़की से की शादी

जूनियर एनटीआर तेलगू फिल्मों के बेजोड़ अभिनेता माने जाते हैं। उनकी बॉडी दर्शकों को बहुत पसंद आती है। आरआरआर फिल्म में भी उन्होंने अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाकर फैन्स को अपना दीवाना बना लिया था। उनकी शादी आज ही के दिन यानि 5 मई 2011 को हुई थी। उन्होंने खुद से 10 साल छोटी लड़की को अपना जीवनसाथी बनाया।

junior ntr

अभिनेता अपनी निजी जिन्दगी को लाइम लाइट से दूर ही रखते हैं। फिर भी उनकी पत्नी के बारे में कुछ जानकारी हम आपको देते हैं। उनकी पत्नी का नाम लक्ष्मी है जो उनसे उम्र में 10 साल छोटी हैं। अभिनेता की पत्नी लक्ष्मी के पिता श्रीनिवास राव हैं जो तेलगू समाचार चैनल ‘स्टूडियो एन’ के मालिक हैं।

चंद्रबाबू ने किया था पसंद, चली थी स्पेशल ट्रेन

जूनियर एनटीआर का नाम एक समय में समीरा रेड्डी के साथ काफी चर्चा में रहता था। बाद में अभिनेता ने लक्ष्मी से शादी कर ली। ये विवाह अरेंज था। आपको बता दें कि एक्टर के लिए जीवनसाथी पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू ने पसंद किया था। उन्होंने ही अभिनेता जूनियर एनटीआर और लक्ष्मी की जोड़ी बनवाई थी।

JUNIOR NTR

अभिनेता की शादी तो आज भी आंध्र प्रदेश में याद की जाती है। पूर्व सीएम रामाराव के पोते की शादी में करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। दुल्हन की साड़ी की कीमत ही 1 करोड़ रुपये बताई जाती है। वहीं दोनों की शादी में सिर्फ मंडप ही 18 करोड़ रुपये में सजा था। इतना ही नहीं मेहमानों को लाने के लिए स्पेशल ट्रेन चलानी पड़ी थी।

जानें क्यों जेल जाने की आ गई थी नौबत

कहा जाता है कि जूनियर एनटीआर और लक्ष्मी की शादी में 15 हजार लोग शामिल हुए थे। इनमें देश और दुनिया के बड़े-बड़े लोग शामिल थे। हालांकि कम ही लोग जानते होंगे कि अभिनेता को शादी के चक्कर में जेल जाने की नौबत आ गई थी। इसका कारण अभिनेता की शादी की जिद थी जिस वजह से उनके ऊपर केस हो गया था।

junior ntr

असल में एक्टर साल 2010 में लक्ष्मी से शादी करना चाहते थे। उस समय लक्ष्मी 17 साल की थीं और नाबालिग थीं। इस चक्कर में जूनियर एनटीआर के खिलाफ चाइल्ड मैरिज एक्ट के तहत मुकदमा तक दर्ज हो गया था। फिर उनको अपनी शादी साल भर टालनी पड़ी थी। फिर साल 2011 में दोनों ने शादी की। इस समय उनके दो बच्चे हैं।

Back to top button