समाचार

हेमा मालिनी की 84 कोस ब्रज यात्रा संपन्न, 43 गांव व 32 पड़ाव स्थल के दर्शन, ये निर्देश भी दिए

मथुरा की सांसद और प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ब्रज 84 कोस की यात्रा संपन्न की। सांसद हेमा मालिनी द्वारा पहली बार ब्रज 84 कोस की यात्रा की गई। शनिवार देर शाम हेमा मालिनी की ब्रज 84 कोस यात्रा का समापन हो गया। इस दौरान सांसद ने ब्रज 84 कोस में स्थित धार्मिक स्थलों के दर्शन किये तो यात्री सुविधाओं को लेकर मंथन भी किया।

7 दिन में 401 किमी यात्रा

17 अप्रैल को सांसद हेमा मालिनी ने ब्रज के सम्पूर्ण विकास के लिए ब्रज 84 कोस यात्रा शुरू की। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र के साथ हेमा मालिनी ने ब्रज के उन सभी धार्मिक स्थलों के दर्शन किये जहां जहां भगवान श्री कृष्ण में ब्रज में लीला की थी। सांसद ने 7 दिन में 401 किलोमीटर की दूरी तय की

43 गांव और 32 पड़ाव स्थल गईं

सांसद ने ब्रज 84 कोस यात्रा की शुरुआत यमुना किनारे स्थित देवरहा बाबा के आश्रम से की। 17 अप्रैल से 23 अप्रैल तक सांसद ने 401 किलोमीटर की यात्रा की। इस दौरान वह ब्रज 84 कोस के 43 गांव में गयी और 32 पड़ाव स्थल के दर्शन किये। सांसद ने राधारानी की प्रमुख 8 सखियों के गांव का भी अवलोकन किया।


हेमा मालिनी ने सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया

सांसद हेमा मालिनी ने यात्रा के दौरान इच्छा व्यक्त की है कि 84 कोस परिक्रमा मार्ग में प्रत्येक पड़ाव स्थल पर टॉयलेट, पेयजल व्यवस्था,सोलर लाइट, एप्रोच मार्ग का जीर्णोद्धार हो। इसके अलावा पूरे परिक्रमा मार्ग में हर किलोमीटर पर साइन बोर्ड लगाए जाएं। इससे परिक्रमार्थियों को यात्रा मार्ग और धार्मिक स्थलों की जानकारी मिलती रहेगी।

वर्ल्ड हेरिटेज नक्शे पर लाएंगे

सांसद हेमा मालिनी ने बताया कि ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग को विश्व विरासत के नक्शे पर लाया जाएगा। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने अपनी टीम को निर्देश दिया कि सभी बिंदुओं पर अध्ययन कर डीपीआर में शामिल करें।

Back to top button