बॉलीवुड

सैनिकों के साथ कहां इडली-सांभर खा रहे हैं राम चरण, सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं हैं फोटोज

दक्षिण भारतीय फिल्म आरआरआर की सफलता ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस फिल्म में पुलिसवाले की भूमिका में जिस एक्टर ने लोगों का दिल जीत लिया वो राम चरण हैं। अपनी फिल्म की सफलता के साथ ही वो भी सुर्खियों में चल रहे हैं। कभी अपने व्रत को लेकर तो कभी फिल्म को लेकर वो चर्चा में रहते हैं।

एक बार फिर राम चरण की चर्चा होने लगी है। इस बार वजह खास है और वो सोशल मीडिया पर ट्रेंड भी कर रहे हैं। राम चरण की जो फोटोज वायरल हो गई हैं उनमें वो सैनिकों के साथ नजर आ रहे हैं। वो उनके साथ खाना भी खाते दिख रहे हैं। आइए जानें कि राम चरण आखिर कहां गए हैं जो फोटोज इतनी वायरल हो गई हैं।

अमृतसर में हैं एक्टर राम चरण

दक्षिण फिल्मों के सुपर स्टार राम चरण इस समय पंजाब के अमृतसर जिले में मौजूद हैं। वो इस शहर में एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में गए हुए हैं। आरआरआर की सफलता के बाद वो निर्माता शंकर के साथ एक मूवी की शूटिंग में बिजी चल रहे है। इसी दौरान वो बीएसएफ जवानों के पास भी पहुंचे थे।

अमतृसर जिले के खासा में बीएसएफ जवानों का कैंप है। यहीं पर यादगार पल बिताने के लिए एक्टर पहुंचे थे। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ ही थीं। जवानों के साथ राम चरण काफी खुश नजर आ रहे थे। इसी वजह से उन्होंने तस्वीरों को अपने इंस्टा पर शेयर भी किया और जवानों की जमकर तारीफ भी कर डाली।

नंगे पैर पहुंचे, साथ मिलकर खाना भी खाया

राम चरण इस समय अयप्पा स्वामी का व्रत कर रहे हैं जो 41 दिन तक चलता है। इस व्रत में काले कपड़े ही पहनने होते हैं और नंगे पैर रहना होता है। इसी वजह से तपती धूप में भी एक्टर ने चप्पल तक नहीं पहनी हुई थी। वो नंगे पैर ही जवानों से मिलने गए थे। इतना ही नहीं वो सिर्फ काले कपड़े ही पहने थे क्योंकि व्रत में ऐसा करना जरूरी है।

रामचरण ने इस दौरान जवानों से बातचीत की। उनकी शौर्य गाथाएं भी सुनीं और इसको फोटोज के साथ शेयर भी किया। उन्होंने लिखा कि दोपहर में जवानों की कहानियां, शहादतों को सुनते हुए पल साथ में बिताए। उन्होंने जवानों के साथ इडली-सांभर भी खाया। कहा जा रहा है कि एक्टर के ही पर्सनल शेफ ने इस भोजन को तैयार किया था।

अगली फिल्म में नजर आएंगी कियारा

राम चरण की पत्नी उपासना ने अमृतसर गुरुद्वारे में आरआरआर की सफलता के बाद लंगर का आयोजन भी किया। ये आयोजन स्वर्ण मंदिर में करवाया गया था। वहीं रामचरण के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो अब डायरेक्टर शंकर की फिल्म में दिखाई देंगे। इस फिल्म में उनके साथ बॉलीवुड हीरोइन कियारा आडवाणी भी दिखेंगी।

इसी फिल्म की शूटिंग के लिए वो एक सप्ताह से अमृतसर में मौजूद हैं। वहीं कियारा इससे पहले भी एक तेलगू फिल्म कर चुकी हैं। ये उनकी दूसरी तेलगू मूवी होगी। राम चरण को इससे पहले मगधीरा मूवी से काफी प्रसिद्धि मिली थी। इस फिल्म में काजल अग्रवाल ने उनकी हीरोइन का रोल किया था।

Back to top button