राजनीति

आखिर क्यों कुमार विश्वास के घर पहुंची पंजाब पुलिस, गुस्साए कवि ने भगवंत मान को दे दी ये चेतावनी

मशहूर कवि कुमार विश्वास बुधवार सुबह से ही गुस्से में आ गए हैं। इसकी वजह उनके घर में सुबह-सुबह ही पंजाब पुलिस का पहुंचना है। पंजाब पुलिस कुमार उनके गाजियाबाद वाले घर में पहुंची। इसके बाद से ही कवि भड़क उठे। उन्होंने ट्विटर पर पुलिस की फोटो भी पोस्ट कर दी और जानकारी भी दे दी।

kumar vishwas

आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कुमार विश्वास ने अब राजनीति से किनारा कर लिया है। हालांकि वो सीएम अरविंद केजरीवाल और पार्टी पर सियासी निशाना साधते ही रहते हैं। एक बार फिर उन्होंने न सिर्फ पंजाब सीएम भगवंत मान बल्कि अरविंद केजरीवाल पर नाराजगी दिखाई है। इसकी वजह पुलिसवालों का उनको घर पर आना है।

भगवंत मान को दे दी चेतावनी

कुमार विश्वास अपनी कविताओं से तो मशहूर हैं। इसके साथ ही वो सियासी अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। बुधवार सुबह उनके एक ट्विट ने खलबली मचा दी। उन्होंने कुछ पुलिसवालों की तस्वीरें शेयर कीं। इसके बाद खुद ही जानकारी दी कि सुबह-सुबह ही पंजाब पुलिस उनके घर पर पधारी है।

वैसे अब तक इस बात का पता नहीं चल सका है कि आखिर पंजाब पुलिस कवि के गाजियाबाद वाले घर पर क्यों गई थी। उनके खिलाफ कौन सा केस दर्ज किया गया है, इसकी जानकारी भी नहीं हो सकी है। पुलिस के घर पहुंचने पर कुमार विश्वास पंजाब के सीएम भगवंत मान पर भड़क गए हैं।

जानें क्या बोले पंजाब के सीएम से

कुमार विश्वास ने पुलिस के पहुंचने पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने लिखा है ‘सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है।एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूँ कि तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताक़त से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे‘।


आपको बता दें कि आप के गठन के समय कुमार विश्वास और अरविंद केजरीवाल के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों ही पार्टी चलाने के लिए साथ मिलकर योजनाएं बनाते थे। हालांकि बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया और कवि ने पार्टी से किनारा कर लिया। इसी के बाद से केजरीवाल और विश्वास की दुश्मनी की चर्चा होती है।

पंजाब चुनाव के दौरान मचा दी थी खलबली

कुमार विश्वास के घर पंजाब पुलिस का आना क्यों हुआ, ये बात अब तक साफ नहीं हो सकी है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि पार्टी के खिलाफ उनके किसी बयान की वजह से पुलिस उनके घर आई होगी। हालांकि अब तक पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि वो कवि के घर किस वजह से पहुंची है।

आपको बता दें कि पंजाब चुनावों के दौरान कुमार ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बड़ा खुलासा करने का दावा किया था। उन्होंने दावा किया था कि केजरीवाल देश को तोड़ने वाली राजनीति करते हैं। कवि ने बोला था कि केजरीवाल कहते थे कि वो स्वतंत्र खालिस्तान के पहले प्रधानमंत्री भी बन सकते हैं। बाद में चुनाव आयोग ने उनके बयान वाले वीडियो पर रोक लगा दी थी।

Back to top button