दिलचस्पसमाचार

शादी का अनोखा कार्ड आया सामने, फेरों से पहले होगा रक्तदान, अनाथों को खिलाएंगे खाना

इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है। ऐसे में हर जगह इसकी रौनक दिखाई दे रही है। अक्सर देखा जाता है कि लोग शादी में पानी की तरह पैसा बहाते हैं। इसमें सबसे ज्यादा रुपए शो ऑफ करने में ही खर्च होते हैं। जितना पैसा शादी में लगाया जाता है उतने में कई समाजसेवा से जुड़े काम हो सकते हैं। वैसे भी शादी एक ऐसी जगह है जहां एकसाथ कई लोग एकत्रित होते हैं। ऐसे में कोई अच्छा संदेश देने के लिए भी ये परफेक्ट जगह होती है।

शख्स ने तैयार किया शादी का अनोखा प्रोग्राम

दरअसल इन दिनों सोशल मीडिया पर शादी का एक अनोखा कार्ड बड़ा वायरल हो रहा है। यह शादी उत्तर प्रदेश के चंदौली में 21 अप्रैल को होने वाली है। शादी के कार्ड में बताया गया है कि दूल्हा-दुल्हन शादी की रस्में शुरू करने से पहले रक्तदान करेंगे। इतना ही नहीं वे अनाथ बच्चों को भरपेट भोजन भी खिलाएंगे। इसके बाद दूल्हा वृद्धाश्रम जाएगा और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने के बाद ही घोड़ी चढ़ेगा।

शादी में गणेश पूजन, ममेरा, खलमट्टी, माता पूजन, मेहंदी, संगीत जैसी रस्में और इवेंट्स होना आम बात है। लेकिन ब्लड डोनेशन, अनाथ बच्चों को खाना खिलाना और वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का आशीर्वा लेना जैसी चीजें कम ही देखने को मिलती है। वैसे शादी के इस कार्ड में अच्छी बातें यहीं खत्म नहीं होती है। इसमें पेड़ पौधों को बचाने का संदेश भी दिया गया है।

रक्तदान से अनाथों को भोजन कराने तक, होंगी ये चीजें

दरअसल ये शादी का कार्ड चंदौली नगर पंचायत के गौतम नगर निवासी अजीत कुमार का है। अजीत रक्तदान देने में हमेशा एक्टिव रहते हैं। वे अभी तक सैकड़ों बार रकतदान देकर लोगों की जान बचा चुके हैं। वह एक समाजसेवी भी हैं। वहीं उनकी दुल्हन प्रियंका भी समाजसेवा का काम करती है। अजीत बताते हैं कि रक्तदान से बढ़कर और कोई दूसरा दान नहीं होता है।

अजीत 21 तारीख को प्रियंका संग शादी के बंधन में बंधेंगे। इस दौरान दोपहर 11 बजे रक्तदान का कार्यक्रम होगा। वहीं 12 बजे गरीब और अनाथ बच्चों को खाना बाटा जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे वृद्धा आश्रम जाकर बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया जाएगा। शादी में ऐसी अच्छी चीजों को होता देख लोग बड़े खुश हो रहे हैं। वे अजीत की तारीफ कर रहे हैं।

अजीत लोगों को अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाने को भी कहते हैं। उनका मानना है कि पौधे लगाने और इनके संरक्षण से हम पर्यावरण को बचा सकते हैं। इस दुनिया को एक बेहतर जगह बना सकते हैं। वैसे आपको ये अनोखी शादी का आइडिया कैसा लगा?

Back to top button