समाचार

सीएएफ कैंप पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग, कई जवानों को लगी गोलियां, दो की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर नक्सलियों का दुस्साहस सामने आया है। यहां नक्सलियों ने फिर से जवानों को निशाना बना दिया। घात लगाकर देर रात नक्सली आ गए और जवानों के कैंप पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक फायरिंग से कैंप में मौजूद जवानों में हड़कंप मच गया। फौरन ही जवान सजग हुए और मुकाबला करने लगे।

जवानों ने फौरन ही मोर्चा संभाला और नक्सलियों से लोहा लेना शुरू कर दिया। करीब 30 मिनट तक दोनों तरफ से फायरिंग होती रही। रात का अंधेरा होने की वजह से नक्सली फायदा उठा रहे थे। फिर मौका देखकर वहां से फरार हो गए। अंधाधुंध फायरिंग में कई जवानों को गोलियां लग गई हैं। इनमें से दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुआ हमला

नक्सलियों ने ये दुस्साहस रविवार की रात में किया। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के बीजापुर में ये घटना हुई है। यहां पर छत्तीसगढ़ आर्मर्स फोर्स यानि सीएएफ का कैंप लगा हुआ था। रविवार देर रात को लगभग 11 बजे इस कैंप के पास में नक्सली पहुंच गए। इन लोगों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए कैंप को घेर लिया।

रात का वक्त होने की वजह से जवान आराम कर रहे थे। इसी बीच नक्सलियों ने उनके कैंप पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से वहां हड़कंप मच गया। जवानों ने फौरन ही मोर्चा संभाल लिया। हालांकि इस बीच 4 जवानों को गोलियां लग गई थीं। वहीं इनमें से दो जवान गंभीर रूप से घायल भी हो गए।

नक्सलियों ने 15 बीजीएल के गोले भी दागे

नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग तो की ही, साथ में 15 बीजीएल के गोले भी दागे। दरभा कैंप पर नक्सली बड़ा नुकसान करने पहुंचे थे। इसी वजह से इन लोगों ने रात का वक्त चुना जब कैंप में जवान आराम कर रहे होते हैं। हालांकि जवानों ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया और बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।

नक्सलियों की फायरिंग में जो दो जवान गंभीर रूप से घायल हैं, उनका इलाज चल रहा है। गंभीर घायलों को रायपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं बाकी दोनों जवानों का इलाज बीजापुर के जिला अस्पताल में जारी है। एसपी कमलोचन कश्यप का कहना है कि जवानों की कार्रवाई में नक्सलियों को भी हानि उठानी पड़ी है।

लगातार जारी है सर्च ऑपरेशन

नक्सलियों की फायरिंग के बाद से अब वहां लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। सोमवार सुबह से ही जवानों ने अलग-अलग टीम बनाकर वहां सर्च ऑपरेशन चलाना शुरू कर दिया था। पुलिस की टीमें भी साथ में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं एसपी का कहना है कि जवानों की फायरिंग में नक्सली भी घायल हुए हैं या कुछ मरे भी हैं।

सर्च ऑपरेशन चलाने के पीछे की एक वजह और है। एसपी का कहना है कि कैंप पर इतनी पास से हमला करने वाले नक्सली अभी ज्यादा दूर नहीं जा पाए होंगे। इसी वजह से यहां तेज सर्च अभियान चलाया जा रहा है। वहीं घायल जवानों की हालत खतरे से तो बाहर है फिर भी दो जवान गंभीर हैं।

Back to top button