रिलेशनशिप्सविशेष

हनीमून पर दोस्त को भी साथ ले जाने की जिद कर रहा था पति, अचानक फोन से बीवी को पता चला उसका ये सच

शादी का रिश्ता भरोसे की बुनियाद पर टिका होता है। कहते हैं विवाह से पहले किसी भी सच को छिपाना नहीं चाहिए वरना शादी के बाद वो सच रिश्ता तोड़ने की वजह बन सकता है। हालांकि इस बात को जानते हुए भी लोग अपने होने वाले लाइफ पार्टनर से अपने सच के बारे में छिपाते हैं और इसका अंजाम बुरा होता है।

कुछ ऐसा ही मामला महाराष्ट्र से सामने आया है। यहां एक युवक ने शादी तो कर ली लेकिन वो अपनी जिन्दगी का बड़ा सच अपनी पत्नी से छिपा रहा था। पत्नी को शक तब हुआ जब हनीमून पर वो अपने दोस्त को भी साथ ले जाने की जिद करने लगा। इसके बाद फोन मैसेज से बीवी को उसका बड़ा सच पता लगा।

ठाणे का है ये मामला

ये हैरान करने वाला मामला मुंबई के ठाणे से सामने आया है। यहां नवी मुंबई में रहने वाले एक 32 साल के युवक ने शादी की थी। उसकी पत्नी भी वहीं की रहने वाली थी। दोनों की ऑनलाइन मुलाकात हुई थी। इसके बाद 30 साल की युवती से उस लड़के की दोस्ती हो गई थी। बाद में दोनों ने शादी का फैसला कर लिया था।

दोनों ने पिछले साल ही नवंबर महीने में एक दूसरे से शादी कर ली थी। लड़की कई सपने लेकर ससुराल पति के पास पहुंची थी। हालांकि अभी उसको पति का सच नहीं पता था। वो उस समय हैरान रह गई जब दोनों हनीमून पर जाने का प्लान बना रहे थे। पति हनीमून पर अपने दोस्त को भी ले जाने की जिद करने लगा।

सामने आया पति का सच

युवती को समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर उसका पति ऐसी जिद क्यों कर रहा है। उसने पति को समझाना भी चाहा कि हनीमून निजी पलों को साथ गुजारने के लिए होता है। वहां उनका दोस्त क्या करेगा लेकिन फिर भी वो दोस्त के बिना जाने के लिए मना करता रहा। इसी के बाद से युवती परेशान चल रही थी।

इसी बीच बीवी को अपने पति का सच पता लग गया। वो एक बार उसका फोन देख रही थी। इसी में व्हाट्स एप संदेशों से उसको पता लगा कि जिस युवक से उसने शादी की है वो तो होमो सेक्सुएल है। उसके दो युवकों के साथ संबंध थे। हालांकि इस बात को उसने शादी से पहले अपनी पत्नी से छिपाया था। वहीं युवती को भी इसकी खबर तक नहीं थी।

कोर्ट पहुंच गया मामला, धोखाधड़ी का केस

पति का सच जानने के बाद नाराज युवती ने कोर्ट में केस कर दिया। उसके ऊपर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ। पत्नी ने बताया कि शादी करने के लिए पति ने फर्जी जॉब लेटर भी बनवाया था। उसने फर्जी लेटर के जरिए बताया था कि वो 14 लाख रुपये सालाना कमाता है। जबकि शादी के बाद उसकी कमाई फर्जी निकली।

वहीं पत्नी ने ये भी बताया कि पति ने अपने समलैंगिक होने की बात भी उससे छिपाई। धोखा देकर उससे शादी कर ली और उसको जीवन की अपूरणीय क्षति पहुंचाई। इतना ही नहीं पत्नी ने बताया कि सच्चाई छिपाने का जब उसने विरोध किया तो पति ने चाकू दिखाकर उसको धमकी दी। कोर्ट ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया। अब उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।

Back to top button