दिलचस्प

बेटी ने वर्ल्ड कप में मचा दी धूम…ठेले पर सब्जी बेच रही मां को खबर ही नहीं, जब पता लगा तो…

लखनऊ की चिलचिलाती गरमी…तोपखाना बाजार की संकरी गलियां। इन गलियों में शुक्रवार को एक सब्जी बेचने वाली महिला रोज की तरह सब्जी बेच रही थी। ग्राहक आ रहे थे और सब्जी खरीद रहे थे। रोजी-रोटी कमाने में जुटी मां को खबर ही नहीं थी कि उनकी बेटी साउथ अफ्रीका में विश्व कप में कमाल कर रही है।

कैसर जहां नाम की महिला सब्जी बेचकर अपना घर चलाती हैं। अपनी गरीबी की वजह से उनको रोड पर ठेला लगाना पड़ता है। वहीं उनकी बेटी हॉकी खिलाड़ी है। वो इस समय भारत से साढ़े 7 हजार किमी दूर साउथ अफ्रीका में हॉकी विश्वकप खेल रही है। कैसर जहां की बेटी खेल में धूम मचा रही है लेकिन मां को इसकी खबर ही नहीं है।

अब्बा के फैसले पर लोगों ने मारा था ताना

लखनऊ में रहने वाली कैसर जहां की बेटी मुमताज हॉकी खिलाड़ी है। वो भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम में खेलती है। इस समय वो दक्षिण अफ्रीका गई हुई है। वहां पर जूनियर हॉकी विश्व कप चल रहा है। मुमताज यहां कमाल का प्रदर्शन कर रही है। उसके खेल की बदौलत भारत विरोधी टीमों को हराते जा रहा है।

हालांकि मुमताज के लिए ये सफर आसान नहीं था। मुस्लिम परिवार का होने की वजह से उसके लिए बाहर खेलना आसान नहीं था। उसकी बहन फराह ने बताया कि जब उसके अब्बा ने हॉकी खेलने की इजाजत दी थी, तब मोहल्लेवाले उनको ताना मारते थे। इसके बाद भी पिता ने उनकी एक न सुनी और बेटी को आगे बढ़ने दिया।

मोबाइल पर बहन देखती है मैच

फराह ने बताया कि वो मुमताज का मैच मोबाइल पर देखती है। हालांकि घर के दूसरे लोग नहीं देख पाते क्योंकि सबका काम रहता है। 8 अप्रैल को मुमताज ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच में कमाल किया था। उसके गोल की मदद से इंडिया को बढ़त मिली थी। हालांकि ये मैच सिर्फ उसकी बहन ही देख सकी।

उसने बताया कि हम लोग तो मोबाइल पर मैच देख रहे थे। लेकिन अम्मी तोपखाना इलाके में सब्जी बेच रही थीं। वहीं पापा मस्जिद में गए हुए थे। फराह ने कहा कि जो लोग पहले ताना मारा करते थे, उनके मुंह आज मुस्कान ने बंद कर दिए हैं। अपने खेल की बदौलत लोगों के मुंह पर करार तमाचा मार दिया है।

बेटी का मैच नहीं देख पाने का मलाल

मुमताज की बदौलत ही भारत 3-0 से क्वॉटर फाइनल जीत गया। मुमताज को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला। दूसरी ओर कैसर जहां कहती हैं कि उनको बेटी का मैच न देख पाने का अफसोस जरूर है। उनका कहना है कि आगे और भी कई मैच होंगे, जो वो जरूर देखेंगी। वो अपनी बेटी को गोल करते हुए देखना चाहती हैं।

वैसे भारतीय टीम अब सेमी फाइनल में पहुंच गई है। मुमताज ही इस प्रतियोगिता में छाई हुई है। वो सबसे ज्यादा गोल करने वाली तीसरी खिलाड़ी बन चुकी है। उसने 6 गोल इस विश्व कप में दागे हैं। पहले उसने वेल्स, फिर जर्मनी और मलेशिया के खिलाफ गोल दागे। उसके योगदान से घरवाले बेहद खुश नजर आ रहे हैं।

Back to top button