समाचार

डॉक्टर पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, रामराज यादव को करम हुसैन बना दिया, केस दर्ज

यूपी के सिद्धार्थनगर में धर्मपरिवर्तन का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप लगा है कि यहां एक डॉक्टर ने रामराज यादव नाम के शख्स को जबरन डरा-धमका कर करम हुसैन बना दिया। एक धार्मिक स्थान पर उसे ले जाकर कलमा पढ़वाया गया और उसका नया आधार कार्ड भी बनवा दिया। क्या है पूरा मामला आपको आगे बताते हैं।

रामराज यादव से करम हुसैन बनाया

उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के धोबहा एहतमाली गांव के व्यक्ति ने डॉक्टर पर जबरिया धर्म परिवर्तन कराने और फर्जी आधार कार्ड बनवाने का आरोप लगाया है। रामराज यादव नाम के इस शख्स का आरोप है कि वह डुमरियागंज तहसील में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर के यहां झाड़ू-पोछा लगाने का काम करता था।

डॉक्टर ने उसे दबाव में लेकर जबरन उसका नाम बदलकर करम हुसैन करवा दिया और एक धार्मिक स्थल पर ले जाकर कलमा पढ़वा दिया। इसके साथ ही उसका पुराना आधार कार्ड फेंक कर नया आधार कार्ड बनवा दिया।

डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी

शिकायतकर्ता ने इटवा थाना क्षेत्र में चिकित्सक के खिलाफ जबरन धर्म परिवर्तन कराने और धमकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर भी दी है। उसने आगे बताया कि बैंक में पासबुक पर उसका वास्तविक नाम ही दर्ज है। उसका आरोप है कि वह अपने नए आधार कार्ड में नाम ठीक कराने का प्रयास कर रहा था तब डॉक्टर ने उसे कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी।

वहीं इस मामले में आरोपी बनाए गए डॉक्टर का कहना है कि वह 26 वर्षों से क्लीनिक चला रहे हैं। शिकायतकर्ता ने उनके यहां ना तो कभी काम किया और ना ही उन्होंने धर्म परिवर्तन कराया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक डॉक्टर यशवीर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि डॉक्टर के ऊपर अभियोग पंजीकृत कर दिया गया है, शिकायत की हर पहलू से जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस काफी तत्परता से कार्रवाई कर रही है और जल्द इस मामले का खुलासा हो सकता है।

Back to top button