समाचार

न्याय की गुहार लगाते हुए थाने पहुंचा प्रेमी जोड़ा, बोले- घरवाले ही बन गए जान के दुश्मन, बचा लो..

देश आज 21वीं सदी में जा पहुंचा है। हम बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करते हैं। महिलाओं को अब पुरुषों की बराबरी दी जा रही है। उनकी भी इच्छाओं और सपनों का मान सम्मान किया जा रहा है। लेकिन देश में आज भी ऐसे कई परिवार हैं जिनके लिए बेटी की खुशी से ज्यादा समाज की इज्जत प्यारी है। बेटी क्या कह रही है, इससे ज्यादा उन्हें लोग क्या कहेंगे, इसकी पड़ी है।

लव मैरिज करना आज भी कई लड़कियों के लिए एक बड़ा मुश्किल काम होता है। उनके घरवाले इसके सख्त खिलाफ होते हैं। मजबूरी में आकर वह या तो आत्महत्या कर लेती है या घर से भाग जाती हैं। घर से भागने और किसी और से शादी करने के बाद भी उन्हें चेन नहीं आता है। परिजन उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी देते हैं।

शादी से पहले घर से भागी बेटी

ऐसी ही एक घटना राजस्थान के चूरू जिले में देखने को मिली है। यहां राजगढ़ थाना इलाके के गगौर गांव की रहने वाली 23 वर्षीय रेखा जाट ने अपने ही घरवालों पर जान का खतरा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रेखा के घरवालों ने उसकी शादी आटा-साटा में तय कर दी थी। लेकिन रेखा का दिल तो अपने प्रेमी श्रवण (सांत्यूं गांव निवासी) पर था। जब रेखा ने श्रवण से शादी करने की इच्छा जताई तो घरवालों ने विरोध किया।

शादी का दबाव देखते हुए रेखा ने घर से भागने का निर्णय लिया। वह 2 अप्रैल को अपने प्रेमी संग भाग गई। उसने और प्रेमी ने हिसार के रामानुज चैरिटेबल व वेलफेयर ट्रस्ट में शादी भी रचा ली। अब रेखा ने सोचा कि शादी की बात घर बता दूं तो शायद घरवाले मान जाएंगे। लेकिन जैसे ही उसने फोन पर शादी का जिक्र किया तो घरवालों ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली।

परिजनों से है जान का खतरा

परिजनों की धमकी से डरी रेखा और उसका प्रेमी श्रवण 6 अप्रैल को एसपी ऑफिस आए। यहां उन्होंने पूरी कहानी सुनाई। कहा कि उनके परिजन ही उनकी जान के दुश्मन बन गए हैं। हमे सुरक्षा दे दो। इसके बाद एसपी ने राजगढ़ थानाधिकारी को दोनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी।

उधर रेखा के रिश्तेदारों ने 3 अप्रैल को ही बेटी के लापता होने की रिपोर्ट राजगढ़ थाने में दर्ज करवा दी थी। वहीं उन्होंने उसके प्रेमी श्रवण पर बेटी को भगाकर ले जाने का आरोप लगाया। वे चाहते हैं कि श्रवण के ऊपर कार्रवाई हो।

Back to top button