दिलचस्पसमाचार

मेरे मकान को बुल्डोजर से गिरा दें, एहसान मियां ने खुद लगाई योगी सरकार से गुहार

उत्तर प्रदेश में बुल्डोजर बाबा का खौफ बरकरार है। योगी सरकार आने के बाद एक बार फिर बुल्डोजर चलना शुरू हो गया है। माफिया और उनके गुर्गों के अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। सीएम योगी ने सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के आदेश पहले ही दे दिए हैं।

पिछली सरकार में ही बुल्डोजर चर्चा में आ गया था। चुनाव के दौरान तो योगी की सभा के बाहर ही बुल्डोजर खड़े रहते थे। इसी वजह से फिर सत्ता संभालने के लिए बाद योगी के बुल्डोजर का खौफ और बढ़ गया है। यूपी में एक शख्स ने तो खुद ही अपना अवैध मकान गिराने की गुहार योगी सरकार से लगा दी है।

चुनाव में चर्चा में रहा था बुल्डोजर

बाबा का बुल्डोजर पूरे चुनाव में बड़ा मुद्दा बन गया था। जहां विपक्षी इसे सरकार के तानाशाही रवैये की निशानी बता रहे थे। वहीं भाजपा वाले इसे अवैध निर्माण के खिलाफ जरूरी कदम करार दे रहे थे। खुद योगी आदित्यनाथ ने भी इंटरव्यू में बुल्डोजर से जुड़े सवाल पर कहा था कि ये निर्माण और विध्वंस दोनों के काम आ रहा है।

योगी ने वादा कर दिया था कि सत्ता में वापसी होते ही बुल्डोजर की गति और तेज हो जाएगी। सरकार संभालते ही इसका नजारा भी दिखने लगा। मुख्तार के करीबी की मेरठ में अवैध बिल्डिंग हटाई गई। फिर अतीक अहमद के अवैध कब्जे हटाए गए। अभी रविवार को ही मनीष गुप्ता हत्याकांड के आरोपी इंस्पेक्टर का लखनऊ स्थित अवैध घर भी तोड़ दिया गया।

जानें कौन हैं एहसान मियां जिन्होंने लगाई गुहार

योगी के खौफ की वजह से अब अवैध कब्जेधारी खुद ही अपना मकान गिराने की गुहार लगा रहे हैं। रामपुर के रहने वाले एहसान मियां ने तो प्रशासन को पत्र लिख दिया है। उन्होंने एसडीएम को पत्र लिखकर कहा है का उनका मकान अवैध बना है। इस वजह से मकान को बुल्डोजर से गिरवा दीजिए।

वो रामपुर के शाहाबाद तहसील क्षेत्र में रहते हैं। उनका मकान एहरोला गांव में बना है। एहसान मियां ने एसडीएम अशोक चौधरी को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया है कि उनका मकान सरकारी तालाब और कब्रिस्तान की भूमि पर बना हुआ है। इस वजह से उनका घर अवैध है और इसको गिरा दिया जाए।

एसडीएम ने जांच में सही पाई बात

एहसान मियां के पत्र पर जब एसडीएम ने जांच करवाई तो पता लगा कि उनकी बात सही है। उस गांव में कई ऐसे घर हैं जो अवैध बने हैं। यहां सरकारी जमीन पर भी कुछ घर बनाए गए हैं। एसडीएम अशोक चौधरी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में उनकी बात सही लग रही है। इस वजह से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर एहसान मियां को अब अपनी जान का खतरा भी सता रहा है। उनका कहना है कि उनकी दो पीढ़ियां इस घर में रह रही थीं। हालांकि उनको बाद में पता लगा कि ये घर अवैध जमीन पर बना है। इसी वजह से उन्होंने घर गिराने की गुहार लगाई।

हालांकि एहसान मियां कहते हैं अब उनकी जान खतरे में है। इसकी वजह पड़ोसी हैं क्योंकि उनमें से कई लोगों के घर भी उनकी ही तरह सरकारी जमीन पर बने हैं। अगर कार्रवाई हुई तो सभी घरों पर एक साथ ही होगी।

Back to top button