समाचार

मार्च में होने लगा मई जैसा अहसास, आखिर इस बार इतनी जल्दी क्यों होने लगी गरमी, जान लीजिए वजह

देश में इस बार गरमी का कहर जल्दी ही शुरू हो गया है। हर साल मार्च में गुलाबी मौसम रहता था और धूप में आने-जाने में अच्छा लगता था। वहीं इस बार मार्च अभी खत्म भी नहीं हुआ है और गरमी इतनी तेज हो गई कि लोग धूप से बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। कई राज्यों में तो तापमान 40 डिग्री को भी छूने लगा है।

सूरज की तपन मार्च में ही झेलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में लोग डर रहे हैं कि अभी से यह हाल है तो मई और जून में क्या होगा। हैरानी की बात है कि कई जिलों में तापमान मई के महीने जैसा हो गया है। आमतौर पर मार्च में सामान्य तापमान 32 डिग्री के आसपास रहता था जो अब 38 से 40 के बीच पहुंच रहा है।

इस वजह से बढ़ गया तापमान

अगर आप भी सोच रहे हैं कि आखिर मार्च के महीने में ही मई जैसी गरमी क्यों होने लगी तो हम आपको इसकी वजह बताते हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आमतौर पर राजस्थान राज्य में जो एंटी साइक्लोन मार्च महीने के अंत में बनता था वो इस बार जल्दी बन गया। इस वजह से गरमी बढ़ने लगी है।

वहीं वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ भी अभी सक्रिय नहीं दिख रहा है। इस वजह से पाकिस्तान और थार रेगिस्तान से आने वाली गरम हवाएं और ज्यादा तपन लेकर तापमान को बढ़ा रही हैं। इसी वजह से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। वहीं वैज्ञानिकों ने गरमी के बारे में और जानकारी भी दी है।

अब लगातार बढ़ता रहेगा तापमान

वैज्ञानिकों ने साफ कहा है कि अभी तापमान से राहत मिलने वाली नहीं है। बल्कि अब ये दिन बीतने के साथ ही बढ़ता रहेगा। स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत का कहना है कि इस बार मौसम की स्थिति सामान्य नहीं है। गर्मी समय से पहले आ गई है और गरमी का सितम जारी रहने वाला है।

दिल्ली की बात करें तो यहां गरमी मार्च में ही साल 2013 के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गई  है। तब यहां का तापमान मार्च में 40-42 डिग्री पहुंचा था। वहीं रविवार को ही तापमान 38.3 डिग्री पहुंच गया। ये सामान्य से 7 डिग्री अधिक था। सफदरजंग और लोधी रोड की बात करें तो रविवार को 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

गेहूं किसानों की बढ़ी चिंता

सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि यूपी में भी गरमी का सितम शुरू हो गया है। दिन में तो यहां के कई जिलों में लू जैसा अहसास होने लगा है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में पारा सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा चल रहा है। वहीं रात में भी लोगों को ठंडक की जगह गरमी से ही दो चार होना पड़ रहा है। बारिश के भी आसार दूर-दूर तक नहीं हैं।

इसी तरह दूसरे राज्यों चाहे एमपी हो या राजस्थान, सबका एक ही हाल है। हर राज्य के लोग गरमी से परेशान दिख रहे हैं। दूसरी ओर समय से पहले शुरू हुई गरमी ने गेहूं किसानों को भी चिन्ता में डाल दिया है। किसानों का कहना है कि गरमी की वजह से गेहूं का दाना छोटा और सिकुड़ सकता है। इससे फसल में काफी फर्क पड़ जाएगा।

Back to top button