समाचार

जानें मुख्यमंत्री बनने के बाद भगवंत मान को मिलेगा कितना वेतन और कौन-कौन सी सुविधाएं होंगी

आम आदमी पार्टी ने पंजाब में कमाल कर दिया। भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियों को पछाड़ते हुए आप ने पंजाब की धरती पर अपना परचम लहरा दिया। पंजाब के लोगों ने आप को चुना है और एक नए बदलाव का इंतजार कर रहे हैं। इसकी वजह भी है। आप ने दिल्ली की तरह की पंजाब में भी फ्री बिजली से लेकर महिलाओं के खाते में रुपये डालने की घोषणा की है।

अब पंजाब के लोग इंतजार में हैं कि आप कब और कैसे अपना वादा पूरा करती है। अब जिस नेता के ऊपर इन वादों को पूरा करने की जिम्मेदारी है, वो भगवंत मान हैं। आप ने उनको पंजाब का सीएम बनाया है। उन्होंने भगत सिंह के गांव में सीएम पद की शपथ लेकर एक इतिहास रच दिया। चलिए हम आपको बताते हैं कि भगवंत मान को सीएम पद के लिए कितना वेतन और सुविधाएं मिलेंगी।

आप की आंधी में उड़े बड़े-बड़े दिग्गज

आम आदमी पार्टी पंजाब में कुछ बड़ा करने जा रही है, इसकी खबर तो पहले ही दूसरे दलों को लग गई थी। इसी वजह से कांग्रेस हो या भाजपा सभी पंजाब में आप नेताओं को टारगेट कर रहे थे। अरविंद केजरीवाल को खालिस्तानी समर्थक तो भगवंत मान को शराबी तक कहा जा रहा था।

हालांकि पंजाब चुनाव में आप की आंधी में बड़े-बड़े दिग्गज उड़ गए। भाजपा हो या कांग्रेस, किसी भी दल के नेता आप के सामने नहीं टिक सके। वहीं आप ने 117 सीटों में से 92 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। पार्टी को इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं थी लेकिन पंजाबियों ने पार्टी पर पूरा भरोसा जताया है।

जानें भगवंत मान की सैलरी

पंजाब के सीएम बने भगवंत मान की सैलरी की बात करें तो मुख्यमंत्री के रूप में उनको 2 लाख 30 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस वेतन में उनकी बेसिक सैलरी के साथ ही सीएम पद को मिलने वाले अन्य भत्ते भी शामिल होंगे। इसके साथ ही सीएम कार्यकाल पूरा करने के बाद उनको एक निश्चित राशि पेंशन के लिए भी दी जाएगी।

वहीं दूसरी सुविधाओं की बात करें तो उनको मेडिकल की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा उच्च श्रेणी की सुरक्षा भी दी जाएगी। भगवंत मान को सीएम बनने के बाद यात्रा भत्ता, आवासीय सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा दूसरी सुविधाओं की बात करें तो उन्हें बिजली और फोन की सुविधा भी फ्री मिलेगी।

शपथ लेते ही एक्शन में मान

भगवंत मान शपथ लेते ही एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने कुर्सी संभालते ही भ्रष्टाचार पर लगाम लगानी शुरू कर दी है। सीएम मान ने एक हेल्पलाइन जारी करने की घोषणा कर दी है जो सीधे उनसे कनेक्ट रहेगी। कोई भी नेता, मंत्री, अधिकारी या कर्मचारी अगर घूस या रिश्वत मांगता है तो पंजाब के लोग इस हेल्पलाइन पर सीधा उनको रिपोर्ट कर सकते हैं।

भगवंत मान का कहना है कि इस हेल्पलाइन के जरिए वो पंजाब को भ्रष्टाचार से मुक्त कर देंगे। वहीं सीएम की शपथ लेने के दौरान उन्होंने कहा था कि जिन्होंने आप को वोट न हीं दिया, हमारी सरकार उनके साथ भी है। सरकार किसी भी भेदभाव में काम नहीं करेगी और पंजाब का विकास करना ही लक्ष्य होगा।

Back to top button