राजनीतिसमाचार

‘घर की कांग्रेस’ नहीं चाहिए…किसी और को दें मौका, गांधी परिवार पर कपिल सिब्बल का बड़ा हमला

कांग्रेस पार्टी में एक बार फिर उथल पुथल मचनी शुरू हो गई है। इसकी वजह पांच राज्यों में पार्टी की हार है जिसके बाद बड़े नेताओं की बेचैनी औऱ बढ़ गई है। धीरे-धीरे पार्टी के वरिष्ठ नेता मुखर होते जा रहे हैं। कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने तो गांधी परिवार पर ही हमला बोल दिया है। उनका साफ कहना है कि अब ‘घर की कांग्रेस’ नहीं चाहिए।

कपिल सिब्बल ने अपनी भड़ास पांच राज्यों में हार के बाद निकाली है। वो सीधे-सीधे गांधी परिवार के खिलाफ ही बोलने लगे हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा है कि कांग्रेस पांच राज्यों में हारी है, इससे उनको किसी तरह की हैरानी नहीं हुई। वो बोले कि चुनाव नतीजे क्या आने वाले हैं, वो ये पहले से ही जानते थे।

गांधी परिवार से पद छोड़ने को कहा

कपिल सिब्बल ने इंटरव्यू में गांधी परिवार को आईना दिखा दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि पांच राज्यों में पार्टी कैसे चुनाव हार गई, क्या इसकी जानकारी गांधी परिवार को नहीं है। वो बोले कि अगर उनको इसकी जानकारी नहीं है तो वे लोग कल्पना लोक में जी रहे हैं। उन्होंने गांधी परिवार से पद छोड़ने को कह दिया है।

सिब्बल का कहना है कि अब किसी दूसरे को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूसी में जो नेता हैं बस उनकी ही बात सुनी जाती है। सिब्बल बोले कि क्या उसके बाहर कांग्रेसी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वो भी सीडब्ल्यूसी में नहीं है लेकिन कांग्रेस पार्टी में अलग ही दृष्टिकोण है। सिब्बल बोले कि अलग-अलग राज्यों में कई कांग्रेसी हैं जो ऐसा दृष्टिकोण नहीॆ रखते हैं।

बड़े-बड़े नेता छोड़ रहे हैं कांग्रेस

सिब्बल ने कहा है कि बड़े-बड़े नेता कांग्रेस छोड़कर क्यों जा रहे हैं, इस बारे में क्यों नहीं विचार होता है। ऐसे नेता जिनमें नेतृत्व की क्षमता थी, वो भी पार्टी से अलग हो गए। वो बोले कि साल 2014 के बाद से कांग्रेस पार्टी का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है। उनका कहना है कि कांग्रेस को अब घर की नहीं बल्कि सबकी कांग्रेस बनाना होगा।

सिब्बल ने कहा है कि हम वोटरों से जुड़ ही नहीं पा रहे हैं लेकिन इस बारे में कोई सोचता तक नहीं है। कई बार कांग्रेस की शर्मनाक हार हो गई है। यूपी में भी 2.3 फीसदी वोट शेयर है। कांग्रेस नेता बोले कि जिन राज्यों में हम चुनाव जीते हैं. वहां भी अपने कार्यकर्ताओं को साथ नहीं रख पा रहे हैं।

यूपी में शर्मनाक रहा है कांग्रेस का प्रदर्शन

आपको बता दें कि कांग्रेस का यूपी में हालिया प्रदर्शन बेहद शर्मनाक रहा है। पार्टी के 399 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे लेकिन इनमें 387 की तो जमानत ही जब्त हो गई। प्रियंका ने महिलाओं को भी टिकट दिया था, वो दांव भी नहीं चला। हालांकि प्रियंका ने हार की समीक्षा जरूर की है। फिर भी यूपी में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार है।

अब प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने यूपी में  हाल ही में एक बैठक की है और लोकसभा चुनाव से जुड़ा ब्लू प्रिंट भी तैयार कर लिया है।

Back to top button