समाचार

युवक के पास गजब का तकनीकी दिमाग: रूस के लिए बना खतरा, पुतिन के प्लेन को कर रहा ट्रैक

जरा सोचिए जिन पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ जंग छेड़कर अमेरिका, नाटो और दूसरे पश्चिमी देशों से पंगा ले लिया हो, अगर उनके विमान की लोकेशन ट्रैक हो जाय तो यह उनके लिए कितना खतरनाक हो सकता है। लेकिन ऐसा हो गया है और रूस के राष्ट्रपति की सुरक्षा कर रहे लोगों की चुनौती बढ़ गई है।

अमेरिकी युवक ने पुतिन के प्लेन को ट्रैक किया

आपको जानकर हैरानी होगी कि अमेरिका का एक 19 वर्षीय युवक व्लादिमीर पुतिन के विमान को ट्रैक कर रहा है। युवक का नाम जैक स्वीनी है। ये वही युवक है जो स्पेस एक्स और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क  के जेट को ट्रैक करने की वजह से चर्चा में आया था। इस बार जैक स्वीनी रूस के राष्ट्रपति के जेट को ट्रैक करने को लेकर चर्चा में हैं।

रूस के कई लोगों के विमान हो रहे ट्रैक

जैक स्वीनी पुतिन के अलावा रूस के रईसों (Russian Oligarchs) के जेट को लाइव ट्रैक कर रहे है। माना जा रहा है कि जिन धनकुबेरों के जेट के लोकेशन को जैक स्वीनी ट्रैक कर रहा है वो सभी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के काफी करीबी हैं।

परेशान हो गए थे एलन मस्क

अमेरिकी युवक जैक स्वीनी में आश्चर्यजनक तौर से जेट लोकेशन ट्रैकिंग करने की एबिलिटी है। उसकी इस काबिलियत की वजह से टेस्ला के सीईओ एलन मस्क परेशान हो गए थे। करीब एक महीने पहले टेक अरबपति एलन मस्क ने कथित तौर पर 19 साल के जैक स्वीनी को अपने प्राइवेट जेट की लोकेशन ट्रैकिंग को बंद करने के लिए 5,000 अमेरिकी डॉलर की पेशकश की थी। कॉलेज का यह छात्र एलन मस्क के निजी जीवन और कई अन्य हाई-प्रोफाइल हस्तियों पर नजर रख रहा था।

सोशल मीडिया पर भेज रहा पुतिन की लोकेशन

फ्लोरिडा के 19 वर्षीय युवक ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से जुड़े विमानों की गतिविधियों को उस वक्त पोस्ट करना शुरू कर दिया है जब रूस के सैनिक लगातार यूक्रेन पर हमला कर रहे हैं। रूसी विमान यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को टारगेट कर रहे हैं। यह युवक राष्ट्रपति पुतिन के साथ-साथ वहां के धनकुबेरों के विमानों की लाइव लोकेशन की जानकरी दे रहा है। उसने ट्विटर अकाउंट @RUOligarchJets और @Putinjet बनाए हैं, जिसके माध्यम से वह अक्सर लोगों को बता रहा है कि रूसी अरबपतियों और राष्ट्रपति पुतिन के निजी विमान कहां हैं।

Back to top button